

स्थान : हरिद्वार
ब्यरो रेपोर्ट


चारधाम यात्रा 2026 के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने हरिद्वार में सघन जांच अभियान चलाया। इस अभियान के तहत पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर निर्माण इकाइयों, रेस्टोरेंट, ढाबों तथा डेयरियों का व्यापक निरीक्षण किया गया।


निरीक्षण के दौरान विभागीय अधिकारियों ने विभिन्न प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा मानकों और आवश्यक दस्तावेजों की जांच की। अधिकारियों ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और लाइसेंस संबंधी व्यवस्थाओं का भी बारीकी से परीक्षण किया।



अभियान के दौरान तीन पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर निर्माण इकाइयों में आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं पाए गए। इस पर विभाग ने संबंधित इकाइयों को नोटिस जारी कर आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

जांच के दौरान एक कैंटीन में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हुए। वहां रखे गए लगभग 4.5 किलोग्राम बासी उबले चने पाए जाने पर विभागीय टीम ने उन्हें तत्काल नष्ट करा दिया।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने बिना लाइसेंस खाद्य कारोबार संचालित करने वाले एक कारोबारी के खिलाफ भी कार्रवाई की। संबंधित कारोबारी का चालान कर उसे नियमों का पालन करने की चेतावनी दी गई है।

अधिकारियों ने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालु उत्तराखंड पहुंचते हैं, ऐसे में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। आने वाले दिनों में भी विभिन्न प्रतिष्ठानों की जांच कर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

