

स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्टर : संजय जोशी


विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर रामपुर रोड स्थित सिटी पार्क, हल्द्वानी में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री तथा नैनीताल-ऊधमसिंह नगर सांसद श्री अजय भट्ट ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।


कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट ने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का विषय नहीं, बल्कि यह सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।



इस मौके पर वन संरक्षक पश्चिमी वृत्त नीतीश मणि त्रिपाठी, प्रभागीय वनाधिकारी हल्द्वानी कुंदन कुमार तथा प्रभागीय वनाधिकारी तराई केंद्रीय यू.सी. तिवारी सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


अजय भट्ट ने देश और प्रदेशवासियों को विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वृक्ष धरती के जीवन का आधार हैं और इनके बिना जीवन की कल्पना संभव नहीं है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि यह पहल पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ मातृत्व के सम्मान का भी प्रतीक है।

सांसद ने नागरिकों से अपील की कि वे इस अभियान से जुड़कर अपनी माताओं के नाम पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसकी देखभाल का संकल्प लें।


उन्होंने यह भी कहा कि केवल पौधारोपण करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखना भी अत्यंत आवश्यक है, तभी पर्यावरण संतुलन कायम रखा जा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण और वृक्षों के संवर्धन का संकल्प लिया तथा हरित और स्वच्छ भविष्य के निर्माण का आह्वान किया।

