मोबाइल झपटमारी का खुलासा, दो शातिर आरोपी गिरफ्तार

मोबाइल झपटमारी का खुलासा, दो शातिर आरोपी गिरफ्तार

स्थान : बाज़पुर
रिपोर्टर :
विशेष शर्मा

एसएसपी अजय गणपति के कुशल निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस ने मोबाइल झपटमारी की एक बड़ी घटना का सफल अनावरण किया है पुलिस की त्वरित कार्रवाई में दो शातिर झपटमारों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

घटना 3 जून 2026 की है, जब वादी लेखराज निवासी महेशपुरा सायं लगभग 5 बजकर 40 मिनट पर अपने गांव में सड़क पर जा रहे थे इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात युवकों ने उनके हाथ से ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन झपट लिया और मौके से फरार हो गए थे।

घटना के खुलासे को लेकर पुलिस अधीक्षक काशीपुर एवं क्षेत्राधिकारी बाजपुर के पर्यवेक्षण में कोतवाली बाजपुर पुलिस टीम द्वारा लगातार जांच एवं सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था पुलिस ने संदिग्धों की तलाश में क्षेत्र में विशेष निगरानी भी बढ़ा दी थी।

5 जून 2026 को चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने बरहेनी रोड स्थित बरार धर्मकांटा के पास दो संदिग्ध व्यक्तियों को मोटरसाइकिल सहित रोका जांच के दौरान उनके कब्जे से झपटमारी में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन बरामद हुआ।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली। साथ ही घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल प्लेटिना (UK18 S 1429) को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हिमांशु आर्या (22 वर्ष), निवासी बाके नगर मझराप्रभु बाजपुर और शुभम सागर (21 वर्ष), निवासी टूटी फैक्ट्री नमूना, थाना बाजपुर के रूप में हुई है दोनों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

इस पूरी कार्रवाई में उपनिरीक्षक देवेंद्र मेहता, धीरेंद्र सिंह परिहार एवं कांस्टेबल नरेंद्र सिंह की अहम भूमिका रही पुलिस की इस सफलता से क्षेत्र में अपराधियों में हड़कंप मच गया है।