

स्थान : खटीमा
रिपोर्टर : अशोक सरकार


खटीमा क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आई है, जहां वन विभाग ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। फाइबर फैक्ट्री परिसर में वन विभाग और तहसील प्रशासन की संयुक्त टीम ने लगभग 10 एकड़ वन भूमि पर किए गए अतिक्रमण को चिन्हित किया है।


जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई वन विभाग की जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायतों के बाद शुरू की गई मौके पर भारी पुलिस बल की मौजूदगी में पूरी जमीन की नाप-जोख और सीमांकन किया गया, जिससे क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बनी रही।



अधिकारियों के अनुसार फैक्ट्री परिसर के भीतर स्थित यह भूमि वन विभाग की है, जिस पर लंबे समय से अतिक्रमण की स्थिति बनी हुई थी संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी सीमाओं को चिन्हित कर आवश्यक मार्किंग की कार्रवाई पूरी की।


तहसीलदार खटीमा वीरेंद्र सजवान ने बताया कि डीएफओ के निर्देश पर प्रशासनिक टीम को सुरक्षा व्यवस्था के साथ मौके पर भेजा गया था, ताकि कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।

एसडीओ खटीमा संचिता वर्मा ने बताया कि पूर्व में भी अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस जारी किया गया था, लेकिन अनुपालन नहीं किया गया अब लगभग 10 एकड़ भूमि को चिन्हित कर लिया गया है और आगे उच्चाधिकारियों के निर्देश पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।


फाइबर फैक्ट्री प्रशासन की ओर से जी.सी. पाठक ने कहा कि वे इस मामले का समाधान वैकल्पिक भूमि आवंटन के माध्यम से करना चाहते हैं, ताकि विवाद का निपटारा हो सके।


कार्रवाई के दौरान खटीमा, सुरई और त्रिपुरा रेंज के रेंजरों सहित वन विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे सुरक्षा व्यवस्था के तहत झनकईया थाना पुलिस भी मौके पर तैनात रही।
फिलहाल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आगे की कार्रवाई उच्च अधिकारियों के निर्देश के अनुसार की जाएगी और वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की प्रक्रिया जारी रहेगी।

