नलगांव (नारायणबगड़), चमोली

नलगांव (नारायणबगड़), चमोली

स्थान : चमोली
ब्यरो रेपोर्ट

थराली विधानसभा क्षेत्र के नारायणबगड़ विकासखंड के नलगांव क्षेत्र में कंडवालगांव–कफोली सड़क की बदहाल स्थिति ने ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा दी है पीएमजीएसवाई और ब्रिडकुल द्वारा लगभग 15.43 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस सड़क को लेकर निर्माण गुणवत्ता और कार्य की प्रगति पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार 12.5 किलोमीटर लंबी इस सड़क का उद्देश्य कंडवालगांव तक सुगम संपर्क उपलब्ध कराना था, लेकिन वास्तविकता में सड़क अब तक पूरी तरह गांव तक नहीं पहुंच पाई है ग्रामीणों का आरोप है कि कई स्थानों पर कार्य अधूरा पड़ा है और निर्माण मानकों की अनदेखी की गई है।

जानकारी के अनुसार सड़क निर्माण के प्रथम चरण के लिए 8.60 करोड़ रुपये तथा द्वितीय चरण के लिए 6.83 करोड़ रुपये की धनराशि जारी की गई थी कार्यदायी संस्था ब्रिडकुल द्वारा लगाए गए बोर्ड में वर्ष 2021 में कार्य पूर्ण होने का उल्लेख किया गया है, जबकि जमीनी हकीकत इसके विपरीत है।

ग्रामीणों का कहना है कि 12.5 किलोमीटर में से केवल लगभग 3 किलोमीटर हिस्से में ही डामरीकरण किया गया है, वह भी गुणवत्ता के मानकों पर खरा नहीं उतरता कई स्थानों पर डामर उखड़ चुका है और सड़क की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है।

सड़क की चौड़ाई भी निर्धारित मानकों के अनुसार नहीं है जहां 6 मीटर चौड़ाई प्रस्तावित थी, वहीं अधिकांश हिस्सों में यह 4 से 5 मीटर ही रह गई है नालियों का निर्माण भी अधूरा है, जिससे बरसात के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण के दौरान घटिया गुणवत्ता और अधूरे कार्य के कारण अब तक तीन अलग-अलग दुर्घटनाओं में पांच लोगों की जान जा चुकी है ग्रामीणों का कहना है कि अधूरी सड़क पर आवाजाही लगातार जोखिम भरी बनी हुई है।

ग्रामीणों ने बस ट्रायल का विरोध करते हुए कार्य पूर्ण करने और संपूर्ण डामरीकरण की मांग की है वहीं आरोप है कि कागजों में कार्य पूर्ण दिखाकर भुगतान भी कर दिया गया है, जबकि धरातल पर स्थिति पूरी तरह अलग है मामले में ग्रामीणों ने उच्च स्तरीय जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।