

स्थान : हल्द्वानी
ब्यरो रेपोर्ट


शहर में साइबर ठगी के दो अलग-अलग मामलों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। ऑनलाइन पार्ट टाइम जॉब और फर्जी कस्टमर केयर नंबर के जरिए साइबर ठगों ने महिलाओं से लाखों रुपये की ठगी कर ली। पुलिस ने दोनों मामलों में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


पहले मामले में निलियम कॉलोनी निवासी 33 वर्षीय महिला को फेसबुक के जरिए पार्ट टाइम जॉब का झांसा दिया गया। उन्हें व्हाट्सएप और टेलीग्राम ग्रुप से जोड़कर फाइव स्टार रेस्टोरेंट को रेटिंग देने और ऑनलाइन टास्क पूरा करने के बदले मोटी कमाई का लालच दिया गया। बाद में “सरकारी प्रमाणित संस्था” बताकर विश्वास में लिया गया और ट्रेडिंग टास्क के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में रकम जमा कराई गई।


महिला ने 1 जून से 3 जून के बीच कुल 15,47,776 रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में और पैसे की मांग होने पर उन्हें ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई।

दूसरे मामले में मुखानी के आदर्श नगर निवासी नूतन पांडे के साथ साइबर अपराध हुआ। उन्होंने ब्लिंकिट से ऑर्डर में समस्या होने पर गूगल से कस्टमर केयर नंबर खोजा। कॉल करने पर ठग ने खुद को कंपनी अधिकारी बताया और एक पीडीएफ फाइल भेजी, जो असल में एपीके फाइल थी। क्लिक करते ही उनके आईसीआईसीआई बैंक से 65,210 रुपये और एक्सिस बैंक से 33,000 रुपये निकाल लिए गए।
पीड़िता ने तुरंत 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। बाद में मामला साइबर थाने से मुखानी कोतवाली स्थानांतरित किया गया, जहां एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू है।

एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि मोबाइल पर अनजान फाइलें या लिंक खोलने से साइबर अपराधियों को फोन का एक्सेस मिल सकता है। वहीं सीओ साइबर अमित कुमार ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर दिखने वाले ऑनलाइन जॉब और निवेश के लालच से बचें, अनजान लिंक पर क्लिक न करें और किसी भी संदिग्ध स्थिति में तुरंत 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।



