

मुल्लांपुर में 6 जून से शुरू होने वाले भारत और अफगानिस्तान के एकमात्र टेस्ट मैच से पहले भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कई अहम मुद्दों पर खुलकर बात की। इस दौरान उन्होंने विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को उपकप्तानी से हटाए जाने के फैसले पर भी स्थिति स्पष्ट की।



गंभीर ने कहा कि टीम प्रबंधन चाहता है कि खिलाड़ी मैच की परिस्थितियों का सम्मान करें और उसी के अनुसार अपना प्रदर्शन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऋषभ पंत को बदलने की बात नहीं है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में जिम्मेदारी और मैच सिचुएशन को समझना बेहद जरूरी होता है।

हाल ही में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में भारत को 0-2 से हार का सामना करना पड़ा था, जिसमें पंत के कुछ शॉट चयन और आक्रामक रवैये की आलोचना हुई थी। विशेष रूप से गुवाहाटी टेस्ट में उनका विकेट गंवाना चर्चा का विषय बना रहा।


इसके बावजूद गंभीर ने पंत का समर्थन करते हुए कहा कि वह टीम के अहम खिलाड़ी हैं, लेकिन उन्हें खेल की परिस्थितियों को बेहतर तरीके से समझना होगा।


अगर ऋषभ पंत इस टेस्ट मैच में खेलते हैं, तो यह उनके करियर का 50वां टेस्ट होगा। अब तक उन्होंने 49 टेस्ट मैचों में 3476 रन बनाए हैं, जिसमें 8 शतक और 18 अर्धशतक शामिल हैं।
इसके साथ ही वह भारत के सर्वाधिक टेस्ट मैच खेलने वाले विकेटकीपरों की सूची में भी शामिल हो जाएंगे, जहां महेंद्र सिंह धोनी, सैयद किरमानी और किरण मोरे जैसे दिग्गज पहले से मौजूद हैं।


