आसन कंजर्वेशन रिजर्व के प्रतिबंधित क्षेत्र में कार्रवाई, स्टोन क्रशर और भंडारण केंद्र सीज

आसन कंजर्वेशन रिजर्व के प्रतिबंधित क्षेत्र में कार्रवाई, स्टोन क्रशर और भंडारण केंद्र सीज

स्थान : विकासनगर
ब्यूरो रिपोर्ट

विकासनगर के ढालीपुर क्षेत्र में स्थित आसन कंजर्वेशन रिजर्व के प्रतिबंधित क्षेत्र में अवैध खनन और खनिज भंडारण के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है विभाग की टीम ने एक स्टोन क्रशर और आरबीएम (नदीजनित खनिज सामग्री) भंडारण केंद्र को सीज कर दिया कार्रवाई के दौरान टीम को स्थानीय स्तर पर विरोध का भी सामना करना पड़ा।

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, आसन कंजर्वेशन रिजर्व के एक किलोमीटर के इको सेंसिटिव जोन के भीतर अवैध रूप से खनिज भंडारण और स्टोन क्रशर संचालन की शिकायतें लगातार प्राप्त हो रही थीं शिकायतों के आधार पर मामले की जांच की गई और संबंधित पक्षों को नोटिस जारी किया गया।

उप प्रभागीय वनाधिकारी राजीव नयन नौटियाल ने बताया कि संबंधित संचालकों से निर्धारित समय सीमा के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया था हालांकि, तय समय में कोई संतोषजनक जवाब प्राप्त नहीं हुआ, जिसके बाद विभाग ने कानूनी कार्रवाई का निर्णय लिया।

इसके बाद वन विभाग की टीम सीज और बंदीकरण की कार्रवाई के लिए मौके पर पहुंची विभाग का कहना है कि कार्रवाई से पहले पुलिस और प्रशासन से सहयोग भी मांगा गया था, लेकिन अपेक्षित स्तर पर सहायता उपलब्ध नहीं हो सकी इसके बावजूद वन विभाग की टीम ने कार्रवाई जारी रखी।

मौके पर पहुंचकर अधिकारियों ने स्टोन क्रशर, मशीनरी और वहां रखी खनिज सामग्री को सीज कर दिया इस दौरान कुछ लोगों ने कार्रवाई का विरोध किया और अधिकारियों के साथ बहस भी हुई हालांकि वन विभाग की टीम ने स्थिति को नियंत्रित रखते हुए कार्रवाई पूरी की।

वन विभाग का कहना है कि पूरी कार्रवाई निर्धारित नियमों और कानूनी प्रक्रियाओं के तहत की गई है विभाग ने स्पष्ट किया कि पर्यावरणीय दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त कदम उठाए जाएंगे।

इस कार्रवाई को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है विभाग का कहना है कि आसन कंजर्वेशन रिजर्व जैसे संवेदनशील क्षेत्रों की जैव विविधता और प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने के लिए अवैध खनन और अनधिकृत गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण आवश्यक है मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।