विश्व पर्यावरण दिवस पर कोर्ट परिसर में हुआ पौधारोपण, निकाली गई जागरूकता रैली

विश्व पर्यावरण दिवस पर कोर्ट परिसर में हुआ पौधारोपण, निकाली गई जागरूकता रैली

स्थान : विकासनगर
ब्यूरो रिपोर्ट

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर विकासनगर न्यायालय परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया इस दौरान न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं और न्यायालय कर्मचारियों ने फलदार पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ न्यायालय परिसर में पौधारोपण के साथ हुआ इस अवसर पर अपर जिला जज नंदन सिंह राणा, जुडिशल मजिस्ट्रेट एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव जतिन मित्तल तथा एसीजेएम अभिषेक श्रीवास्तव ने विभिन्न फलदार पौधों का रोपण किया।

इस मौके पर न्यायिक अधिकारियों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को वृक्षारोपण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए उन्होंने लोगों से अपने आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की।

पौधारोपण कार्यक्रम के बाद न्यायालय परिसर से एक जागरूकता रैली भी निकाली गई रैली के दौरान प्रतिभागियों ने “पर्यावरण बचाओ, पेड़ लगाओ” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया रैली न्यायालय परिसर से शुरू होकर पांवटा साहिब-हरबर्टपुर मार्ग तक पहुंची।

रैली के दौरान आमजन को वृक्षों के महत्व और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में उनकी भूमिका के बारे में जानकारी दी गई प्रतिभागियों ने लोगों से प्लास्टिक के उपयोग को कम करने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए आगे आने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के स्वयंसेवकों, हरबर्टपुर नगर पालिका के कर्मचारियों, अधिवक्ताओं तथा न्यायालय कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया सभी ने पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास करने और अधिक से अधिक पौधारोपण करने का संकल्प लिया।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण संदेश दिया कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों ने भविष्य की पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और हरित पर्यावरण सुनिश्चित करने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प दोहराया।