

स्थान : चंपावत
ब्यूरो रिपोर्ट


जिले में यातायात व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए चंपावत पुलिस ने नई पहल की है अब सड़कों और बाजारों में आड़े-तिरछे तथा नो पार्किंग क्षेत्रों में वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी इसके लिए पुलिस विभाग की ओर से दो नई बुलेट मोटरसाइकिलों को यातायात प्रबंधन के लिए तैनात किया गया है।


शुक्रवार को पुलिस लाइन चंपावत में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने दोनों बुलेट वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया इन विशेष वाहनों का उपयोग यातायात व्यवस्था बनाए रखने, पर्यटकों की सहायता करने और दुर्घटना के समय त्वरित राहत पहुंचाने के लिए किया जाएगा।



पुलिस के अनुसार एक बुलेट वाहन जिले के मैदानी क्षेत्र टनकपुर और बनबसा में कार्य करेगा, जबकि दूसरा वाहन चंपावत और लोहाघाट के पर्वतीय क्षेत्रों में यातायात प्रबंधन की जिम्मेदारी संभालेगा इन वाहनों पर तैनात पुलिसकर्मी लगातार निगरानी रखेंगे।

एसपी रेखा यादव ने बताया कि वर्तमान समय में पर्वतीय क्षेत्रों में पर्यटकों की संख्या तेजी से बढ़ रही है ऐसे में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना बड़ी चुनौती है बुलेट बाइक पर तैनात पुलिसकर्मी पर्यटकों को मार्गदर्शन देने के साथ-साथ यातायात संबंधी समस्याओं के समाधान में भी मदद करेंगे।
उन्होंने कहा कि इन वाहनों का मुख्य उद्देश्य नो पार्किंग जोन और निर्धारित स्थानों के अलावा अन्य जगहों पर खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करना है इससे बाजारों और मुख्य सड़कों पर लगने वाले जाम की समस्या को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकेगा।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बुलेट सवार पुलिसकर्मी केवल चालान और निगरानी तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी करेंगे साथ ही सड़क दुर्घटना की स्थिति में घटनास्थल पर सबसे पहले पहुंचकर घायलों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।


एसपी ने कहा कि वर्तमान में चंपावत और लोहाघाट के बाजार क्षेत्रों में आड़े-तिरछे खड़े वाहनों के कारण अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है नई व्यवस्था से इस समस्या पर प्रभावी नियंत्रण मिलने की उम्मीद है उन्होंने जिलेवासियों से यातायात नियमों का पालन करने और अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करने की अपील की है, ताकि सभी को सुगम और सुरक्षित यातायात सुविधा मिल सके।

