

स्थान : लक्सर
ब्यूरो रिपोर्ट


हरिद्वार जनपद के लक्सर कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया सुल्तानपुर-इस्माइलपुर मार्ग पर तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से एक बालक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर न्याय की मांग की।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, पतंजलि हर्बल फूड कंपनी के कर्मचारियों को लेकर जा रही एक बस सुल्तानपुर-इस्माइलपुर रोड से गुजर रही थी इसी दौरान बस ने पचेवाली निवासी दो बालकों, आयुष और अंशुल, को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बच्चे सड़क पर दूर जा गिरे।



हादसे में अंशुल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आयुष गंभीर रूप से घायल हो गया घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्र हो गए घायल बालक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।


बालक की मौत की खबर मिलते ही ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा आक्रोशित लोगों ने सड़क पर जाम लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की कुछ समय के लिए क्षेत्र में यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा।

सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाने के साथ ही मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया उसकी तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया। हालांकि इस दुखद घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है मृतक अंशुल के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और फरार चालक की गिरफ्तारी के प्रयास लगातार जारी हैं।



