

ब्यूरो रिपोर्ट


उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार ने भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को विभिन्न निगमों, परिषदों और समितियों में दायित्व देने का सिलसिला जारी रखा है। इसी क्रम में सरकार ने 18 और नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी हैं। शासन की ओर से इस संबंध में आधिकारिक आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।


जारी सूची के अनुसार हुकम सिंह कुंवर को राज्य निर्माण आंदोलनकारी सम्मान परिषद का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं आचार्य संतोष खंडूड़ी को जनसंख्या विश्लेषण समिति का उपाध्यक्ष बनाया गया है। इन नियुक्तियों को संगठन और सरकार के बीच समन्वय को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


इसके अलावा देवेंद्र सिंह ढैला को उत्तराखंड बागवानी परिषद, नितिन गौतम को ग्रामीण स्वास्थ्य सलाहकार एवं अनुश्रवण परिषद, मोहिनी पोखरिया को राज्य स्तरीय सतर्कता समिति तथा रामपाल को बीस सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति में उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।

सरकार ने मनोज कालाकोटी को उत्तराखंड अनुसूचित जाति आयोग और हरीश चंद्र पांडे को सिंचाई सलाहकार समिति का उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। वहीं सुभाष बगौली को पर्यटन विकास परिषद में सलाहकार (सतत पर्यटन) का दायित्व सौंपा गया है।
सूची में माधव सेमवाल को बदरी-केदार मंदिर समिति में सलाहकार नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति धार्मिक और पर्यटन गतिविधियों के बेहतर संचालन के उद्देश्य से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

वहीं मोहित शर्मा, डा. रणवीर सिंह, पारस गोयल, विशाल गुप्ता और ऋतु मित्रा को गढ़वाल मंडल विकास निगम में गैर-सरकारी निदेशक बनाया गया है।


इसके अतिरिक्त पुष्कर सिंह कोश्यारी, दयाल सिंह और रोहित बिष्ट को कुमाऊं मंडल विकास निगम में गैर-सरकारी निदेशक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इन नियुक्तियों के साथ ही प्रदेश सरकार ने संगठन से जुड़े नेताओं को विभिन्न संस्थाओं में प्रतिनिधित्व देकर प्रशासनिक और विकासात्मक कार्यों में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया है।

