

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट


राजधानी देहरादून के रायपुर क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की दिशा में एक बड़ी सौगात मिली है क्षेत्र में नवनिर्मित अत्याधुनिक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का लोकार्पण कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने किया इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, चिकित्सक और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।


लोकार्पण समारोह के दौरान मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को गांवों और क्षेत्रीय स्तर तक मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से लैस इस स्वास्थ्य केंद्र के शुरू होने से रायपुर और आसपास के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं अपने क्षेत्र में ही उपलब्ध हो सकेंगी।



उन्होंने कहा कि अब स्थानीय नागरिकों को सामान्य उपचार और प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं के लिए बड़े अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों में भी मरीजों को समय पर उपचार मिल सकेगा, जिससे गंभीर मरीजों को राहत मिलेगी और स्वास्थ्य सेवाएं अधिक प्रभावी बनेंगी।

इस अवसर पर देहरादून के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि यह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आधुनिक चिकित्सा उपकरणों से सुसज्जित किया गया है यहां बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) सेवाओं के साथ-साथ चौबीसों घंटे आपातकालीन चिकित्सा सुविधा उपलब्ध रहेगी।
उन्होंने बताया कि केंद्र में प्रसव सेवाओं, बाल रोग विशेषज्ञों की सेवाओं, सामान्य चिकित्सा परामर्श और निःशुल्क दवा वितरण की भी व्यवस्था की गई है इससे क्षेत्र के मरीजों को एक ही स्थान पर विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की नियुक्ति भी कर दी गई है अधिकारियों का कहना है कि पर्याप्त चिकित्सा कर्मियों की उपलब्धता से मरीजों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण उपचार मिल सकेगा तथा स्वास्थ्य सेवाओं की दक्षता में भी सुधार होगा।


स्वास्थ्य विभाग को उम्मीद है कि इस नए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के संचालन से दून अस्पताल और कोरोनेशन अस्पताल पर मरीजों का दबाव कम होगा साथ ही रायपुर और आसपास के क्षेत्रों के हजारों लोगों को अपने घर के नजदीक बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त होगा।

