

स्थान : चमोली
ब्यूरो रिपोर्ट


बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया जोशीमठ के निकट पैनी क्षेत्र में यात्रियों से भरा एक टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि 16 अन्य यात्री घायल हो गए।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, टेंपो ट्रैवलर में सवार सभी यात्री उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से भगवान बदरीनाथ के दर्शन के लिए जा रहे थे यात्रा के दौरान पैनी क्षेत्र में वाहन अचानक दुर्घटनाग्रस्त होकर पलट गया, जिससे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।


हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे राहतकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को वाहन से बाहर निकाला और तत्काल उपचार के लिए जोशीमठ चिकित्सालय पहुंचाया।

दुर्घटना में एक महिला यात्री की मौके पर ही मौत हो गई वहीं 16 अन्य यात्री घायल हुए हैं, जिनमें कुछ को गंभीर चोटें आई हैं चिकित्सालय में सभी घायलों का उपचार जारी है और डॉक्टर उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू कर घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

पुलिस ने मृतक महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।


इस दुर्घटना ने एक बार फिर पहाड़ी मार्गों पर सावधानीपूर्वक वाहन संचालन की आवश्यकता को उजागर किया है प्रशासन ने यात्रियों से पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा के दौरान सतर्कता बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।

