

स्थान : ऋषिकेश
ब्यूरो रिपोर्ट


अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान एम्स ऋषिकेश एक बार फिर विवादों में घिर गया है हरिद्वार के बहादराबाद निवासी एक होमगार्ड जवान ने एम्स के सुरक्षा कर्मियों पर मारपीट का गंभीर आरोप लगाया है घटना के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।


जानकारी के अनुसार, होमगार्ड जवान अपनी गर्भवती बहन को प्रसव के लिए एम्स ऋषिकेश लेकर पहुंचा था इसी दौरान किसी बात को लेकर उसका अस्पताल के सुरक्षा कर्मियों से विवाद हो गया देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मामला हाथापाई तक पहुंच गया।



पीड़ित जवान का आरोप है कि सुरक्षा कर्मियों ने उसके साथ लाठी-डंडों से मारपीट की इस घटना में उसके कान में गंभीर चोट आई, जिसके चलते उसे करीब पांच टांके लगाने पड़े जवान के शरीर पर भी चोट के कई निशान बताए जा रहे हैं, जिससे घटना की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।


जवान ने यह भी आरोप लगाया कि जब उसकी बड़ी बहन बीच-बचाव करने पहुंची तो सुरक्षा कर्मियों ने उसके साथ भी अभद्र व्यवहार किया और मारपीट की इस आरोप के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और कर्मचारियों के आचरण पर सवाल खड़े होने लगे हैं।

घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे उन्होंने घायल जवान को एम्स में उपचार कराने के बजाय सरकारी चिकित्सालय में भर्ती कराया, जहां वर्तमान में दोनों भाई-बहन का इलाज चल रहा है चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।


सूचना मिलते ही पुलिस और होमगार्ड विभाग के अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे तथा घायल जवान से घटना की जानकारी ली अधिकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।



घटना के बाद क्षेत्र में लोगों के बीच नाराजगी का माहौल है स्थानीय लोगों ने अस्पताल परिसर में सुरक्षा कर्मियों के व्यवहार और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है वहीं पुलिस का कहना है कि सभी पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

