

स्थान : ऋषिकेश
ब्यूरो रिपोर्टर


गुमानीवाला स्थित भट्टोवाला के जंगल में शराब पीने का विरोध करना स्थानीय लोगों को भारी पड़ गया तीन युवकों द्वारा कथित रूप से की गई फायरिंग में दो स्थानीय निवासी घायल हो गए घायलों को तत्काल उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।


जानकारी के अनुसार, जंगल क्षेत्र में तीन युवक शराब का सेवन कर रहे थे और आपस में गाली-गलौज करते हुए विवाद कर रहे थे इस दौरान वहां से गुजर रहे स्थानीय लोगों ने उनके व्यवहार का विरोध किया और सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने से मना किया इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई।



प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, भीड़ बढ़ने पर तीनों युवक मौके से चले गए हालांकि कुछ समय बाद वे दोबारा लौटे और उनके पास कथित रूप से पिस्तौल थी स्थानीय लोगों का आरोप है कि लौटते ही युवकों ने विवाद शुरू कर दिया और माहौल तनावपूर्ण हो गया।

इसी दौरान स्थानीय निवासी मनीष व्यास और यशपाल ने युवकों को समझाने और शराब पीने से रोकने का प्रयास किया आरोप है कि इस पर युवकों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी गोली लगने से मनीष व्यास के पैर और यशपाल के हाथ में गंभीर चोटें आईं, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी गई पुलिस टीम के पहुंचने से पहले आरोपी युवक अपनी बाइक छोड़कर जंगल की ओर भागने लगे इस दौरान ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए एक आरोपी को पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस ने घायल दोनों युवकों को एंबुलेंस के माध्यम से एम्स ऋषिकेश भेजा, जहां उनका उपचार जारी है चिकित्सकों के अनुसार दोनों की स्थिति स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।


कोतवाली प्रभारी केसी भट्ट ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है एक आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है घटना में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी और पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों की पुष्टि के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

