

स्थान : :लोहाघाट
ब्यूरो रिपोर्टर


गुरुवार दोपहर लोहाघाट के चोमेल क्षेत्र में हुई मूसलाधार बारिश और तेज अंधड़ ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया तेज हवाओं के कारण चीड़ के दो विशालकाय पेड़ लोहाघाट-चोमेल मुख्य सड़क पर गिर गए, जिससे मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया और यातायात ठप पड़ गया।


पेड़ गिरने की घटना मंगोली बैंड के पास हुई, जहां सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं अचानक मार्ग बंद होने से यात्री, शिक्षक, सरकारी कर्मचारी और स्थानीय लोग बीच रास्ते में फंस गए लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा।



चामी के पूर्व ग्राम प्रधान प्रकाश महर ने बताया कि तेज हवाओं और भारी बारिश के चलते चीड़ के पेड़ सड़क पर आ गिरे, जिससे पूरे क्षेत्र का संपर्क कुछ समय के लिए बाधित हो गया उन्होंने कहा कि सूचना मिलते ही संबंधित विभागों को इसकी जानकारी दे दी गई।


घटना की सूचना मिलने पर लोहाघाट से फायर सर्विस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची फायर कर्मियों ने सड़क पर गिरे विशालकाय पेड़ों को काटने और मार्ग को साफ करने का कार्य शुरू किया बारिश और खराब मौसम के बीच राहत कार्य चुनौतीपूर्ण रहा।

फायर टीम को पेड़ों को हटाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी लगभग डेढ़ घंटे की कड़ी मेहनत के बाद पेड़ों को काटकर सड़क से हटाया गया, जिसके बाद यातायात को धीरे-धीरे सुचारू किया गया प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से लोगों ने राहत की सांस ली।

यातायात बंद रहने के दौरान यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा कई वाहन चालक और राहगीर सड़क खुलने का इंतजार करते रहे कुछ लोगों को आवश्यक कार्यों और कार्यालय पहुंचने में भी देरी हुई।


स्थानीय लोगों ने बताया कि चोमेल क्षेत्र में दोपहर के समय अचानक मौसम ने करवट ली और तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई इसी दौरान चीड़ के पेड़ सड़क पर गिर गए हालांकि समय रहते राहत कार्य होने से किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन घटना ने एक बार फिर मानसून के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में सतर्क रहने की आवश्यकता को उजागर कर दिया है।

