

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट


चारधाम यात्रा और आगामी कांवड़ मेले की तैयारियों के बीच हरिद्वार प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। ललतारौ पुल से अपर रोड तक प्रशासन की संयुक्त टीम ने सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों को हटाते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने की दिशा में कार्रवाई की।


अभियान में नगर निगम, पुलिस और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने हिस्सा लिया। टीम ने सार्वजनिक मार्गों और सरकारी भूमि पर लगाए गए अवैध खोखे, ठेलियां तथा अन्य अस्थायी अतिक्रमणों को हटाया। कार्रवाई के दौरान संबंधित लोगों को नियमों का पालन करने की भी हिदायत दी गई।



प्रशासन का कहना है कि चारधाम यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंच रहे हैं। इसके अलावा जल्द शुरू होने वाले कांवड़ मेले में भी लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। ऐसे में प्रमुख मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखना आवश्यक है।


मुख्यमंत्री के निर्देशों के तहत और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के नेतृत्व में जनपदभर में अतिक्रमण हटाओ अभियान लगातार चलाया जा रहा है। प्रशासन का उद्देश्य यातायात बाधाओं को दूर कर आम नागरिकों और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

अभियान के दौरान विशेष रूप से उन क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित किया गया जहां भीड़भाड़ अधिक रहती है और अतिक्रमण के कारण आवाजाही प्रभावित होती है। अधिकारियों ने कहा कि मार्गों को खाली कराने से यातायात संचालन अधिक सुगम होगा।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक सड़कों, फुटपाथों और सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा स्वीकार नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।


अधिकारियों के अनुसार कांवड़ मेले से पहले शहर की यातायात और व्यवस्थाओं को पूरी तरह दुरुस्त करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। प्रशासन ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि अतिक्रमण मुक्त और व्यवस्थित शहर सभी के हित में है।

