मानसून से पहले अलर्ट मोड में नगर निगम, कल से शुरू होगा एंटी लार्वा अभियान

मानसून से पहले अलर्ट मोड में नगर निगम, कल से शुरू होगा एंटी लार्वा अभियान

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

मानसून सीजन के आगमन से पहले देहरादून नगर निगम ने डेंगू और मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। नगर निगम ने शहरभर में फॉगिंग और एंटी लार्वा छिड़काव अभियान को व्यापक स्तर पर चलाने का निर्णय लिया है।

नगर स्वास्थ्य अधिकारी आनंद शुक्ला ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर निगम का फॉगिंग अभियान 1 अप्रैल से ही शुरू कर दिया गया था। इसके तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में नियमित रूप से फॉगिंग कराई जा रही है ताकि मच्छरों की संख्या को नियंत्रित किया जा सके।

उन्होंने बताया कि अब मानसून को देखते हुए राजधानी के सभी 100 वार्डों में एंटी लार्वा छिड़काव अभियान भी तेज किया जाएगा। इसके लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की गई है और संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

आनंद शुक्ला ने कहा कि मानसून से पहले नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें डेंगू नियंत्रण और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर विस्तृत रणनीति बनाई जाएगी।

नगर निगम द्वारा वार्डों में ट्रैक्टर और अन्य संसाधनों के माध्यम से लगातार एंटी लार्वा का छिड़काव कराया जाएगा। जलभराव वाले क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी ताकि मच्छरों के प्रजनन को रोका जा सके।

स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि समय रहते किए गए एहतियाती उपाय डेंगू और अन्य मच्छरजनित बीमारियों के खतरे को काफी हद तक कम कर सकते हैं। इसी उद्देश्य से अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया जा रहा है।

नगर स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि एंटी लार्वा छिड़काव अभियान की औपचारिक शुरुआत कल से की जाएगी। साथ ही नागरिकों से भी अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने और पानी जमा न होने देने की अपील की गई है, ताकि डेंगू के खतरे को मिलकर रोका जा सके।