

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट


देहरादून पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए हाई प्रोफाइल ड्रग नेटवर्क से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में कोबरा गैंग के दो विदेशी पेडलर भी शामिल हैं। पुलिस इस कार्रवाई को नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता मान रही है।


राजपुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को दबोचा। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 20.92 ग्राम अवैध कोकीन बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है।


पुलिस अधिकारियों के अनुसार बरामद कोकीन दिल्ली से देहरादून लाई गई थी। शुरुआती जांच में पता चला है कि इस मादक पदार्थ को शहर की हाई प्रोफाइल पार्टियों और चुनिंदा ग्राहकों तक पहुंचाने की तैयारी की जा रही थी।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि गिरफ्तार विदेशी नागरिक कोबरा गैंग के सक्रिय सदस्य हैं। ये आरोपी अपने देश से आने-जाने के दौरान दिल्ली के माध्यम से कोकीन की तस्करी कर उसे देहरादून तक पहुंचाने का काम करते थे।

पूछताछ में आरोपियों ने ड्रग नेटवर्क से जुड़े कई महत्वपूर्ण खुलासे किए हैं। पुलिस अब इन जानकारियों के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों और सप्लाई चेन से जुड़े लोगों की पहचान करने में जुटी हुई है।

पुलिस का कहना है कि कोबरा गैंग लंबे समय से युवाओं और हाई प्रोफाइल वर्ग को निशाना बनाकर नशे का कारोबार संचालित कर रहा था। गिरोह के सदस्य संगठित तरीके से मादक पदार्थों की खरीद और बिक्री का नेटवर्क चला रहे थे।


अधिकारियों के मुताबिक इससे पहले भी कोबरा गैंग के कई सदस्यों को गिरफ्तार किया जा चुका है और उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में कोकीन बरामद हुई थी। लगातार कार्रवाई के बावजूद गिरोह के कुछ सदस्य अब भी सक्रिय बताए जा रहे हैं।
एसएसपी के निर्देशन में चल रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस पूरे नेटवर्क की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही इस गिरोह से जुड़े अन्य तस्करों की गिरफ्तारी भी की जाएगी और नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

