

स्थान : लक्सर
ब्यूरो रिपोर्ट


लक्सर तहसील के रामपुर रायघाटी क्षेत्र में अवैध खनन का कारोबार लगातार फल-फूल रहा है। आरोप है कि खनन माफिया खनन पट्टों की आड़ में नियमों को ताक पर रखकर बड़े पैमाने पर खनिज सामग्री का दोहन कर रहे हैं। इससे प्रशासनिक निगरानी और कार्रवाई पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं।


क्षेत्र से सामने आई तस्वीरों में दूर-दूर तक ट्रैक्टर ट्रालियां, जेसीबी और पोकलेन मशीनें खड़ी दिखाई दे रही हैं। इन मशीनों के जरिए खनिज सामग्री का खनन और परिवहन लगातार जारी रहने की बात सामने आ रही है।


ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के रास्तों पर खनिज सामग्री से लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली और डंपर दिन-रात दौड़ रहे हैं। भारी वाहनों की आवाजाही से ग्रामीण सड़कों को नुकसान पहुंच रहा है और स्थानीय लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


बताया जा रहा है कि खनन माफिया का नेटवर्क इतना मजबूत है कि प्रशासनिक टीमों की गतिविधियों की जानकारी उन्हें पहले ही मिल जाती है। इसके चलते छापेमारी की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद लोग और मशीनें वहां से गायब हो जाती हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध खनन की शिकायतें की जा रही हैं, लेकिन इसके बावजूद खनन गतिविधियों पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है। इससे प्रशासन की कार्यशैली को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।


कैमरे में कैद हुई तस्वीरें अवैध खनन के दावों को मजबूती देती नजर आ रही हैं। तस्वीरों में बड़ी संख्या में खनन कार्य में लगी मशीनें और खनिज सामग्री के परिवहन में जुटे वाहन साफ दिखाई दे रहे हैं।


मामले को लेकर प्रशासन का कहना है कि उन्हें क्षेत्र से लगातार अवैध खनन की शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। शिकायतों के आधार पर संबंधित विभागों को जांच के निर्देश दिए गए हैं और आवश्यक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

लक्सर के एसडीएम ने कहा कि अवैध खनन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि जांच में शिकायतें सही पाई जाती हैं तो दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।

