

स्थान : चंपावत
ब्यूरो रिपोर्ट


चंपावत जिले के टनकपुर-पिथौरागढ़ ऑल वेदर रोड पर स्थित अत्यधिक संवेदनशील स्वाला डेंजर जोन का गुरुवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार ने स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में चल रहे सुधार एवं उपचार कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि स्वाला डेंजर जोन जनपद चंपावत और पिथौरागढ़ के लिए बेहद महत्वपूर्ण क्षेत्र है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा भी पूर्व में इस संवेदनशील स्थल का निरीक्षण किया जा चुका है और इसे सुरक्षित बनाने पर विशेष जोर दिया गया है।


जिलाधिकारी ने कहा कि यह मार्ग दोनों जनपदों की जीवनरेखा होने के साथ-साथ सामरिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस सड़क के माध्यम से सेना की आवाजाही होती है और मार्ग बाधित होने की स्थिति में आम जनता के साथ-साथ सैन्य गतिविधियां भी प्रभावित होती हैं।


उन्होंने बताया कि डेंजर जोन के स्थायी उपचार के लिए वर्तमान में दो अलग-अलग एजेंसियां हिल साइड और वैली साइड पर युद्धस्तर पर कार्य कर रही हैं। आगामी मानसून को देखते हुए सभी कार्यों को तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
वैली साइड में कार्य कर रही एजेंसी ने जिलाधिकारी को जानकारी दी कि 30 जून तक सड़क के दोनों ओर से सामान्य यातायात संचालन पूरी तरह बहाल कर दिया जाएगा। इसके लिए आवश्यक निर्माण और सुरक्षा कार्य तेजी से किए जा रहे हैं।


वहीं हिल साइड पर कार्यरत एजेंसी ने बताया कि अंतिम कास्टिंग का कार्य जारी है। एजेंसी ने आश्वासन दिया कि आगामी 15 दिनों के भीतर यह कार्य हर हाल में पूरा कर लिया जाएगा, जिससे क्षेत्र की स्थिरता और सुरक्षा को मजबूती मिलेगी।


जिलाधिकारी मनीष कुमार ने राष्ट्रीय राजमार्ग के अभियंताओं को क्षेत्र की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त संख्या में जेसीबी मशीनें और आधुनिक प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध रहनी चाहिए, ताकि भूस्खलन होने पर तत्काल मार्ग खोला जा सके।

गौरतलब है कि पिछले कई वर्षों से वर्षाकाल में स्वाला डेंजर जोन के बंद होने से चंपावत और पिथौरागढ़ जिले की जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता रहा है। ऐसे में चल रहे सुधार कार्यों के समय पर पूरा होने से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

