

स्थान : जसपुर
ब्यूरो रिपोर्टर


क्षेत्र के नादेही शुगर मिल में गन्ना बकाया भुगतान को लेकर किसानों का गुस्सा एक बार फिर देखने को मिला समय पर भुगतान न मिलने से नाराज किसानों ने मिल परिसर पहुंचकर प्रदर्शन किया और प्रबंधन को ज्ञापन सौंपकर जल्द भुगतान की मांग की।


भारतीय किसान यूनियन से जुड़े पदाधिकारी और किसान बड़ी संख्या में शुगर मिल पहुंचे और मिल प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई किसानों ने आरोप लगाया कि लंबे समय से गन्ने का भुगतान बकाया चल रहा है, जिससे उन्हें गंभीर आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है।



किसानों का कहना है कि समय पर भुगतान न मिलने के कारण वे बिजली के बिल तक जमा नहीं कर पा रहे हैं, जिसके चलते उनके घरों की बिजली काटी जा रही है साथ ही बच्चों की स्कूल फीस जमा न होने से उनकी पढ़ाई प्रभावित होने की स्थिति बन गई है।


किसानों ने बताया कि कई महीने पहले गन्ना आपूर्ति करने के बावजूद अब तक भुगतान नहीं किया गया है इस संबंध में मिल के महाप्रबंधक से कई बार बैठकें भी हो चुकी हैं और आश्वासन भी मिला था, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है किसानों के अनुसार लगभग 8 करोड़ रुपये का भुगतान अभी भी बकाया है।
भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने कहा कि पहले आज मिल परिसर में धरना प्रस्तावित था, लेकिन किसी कर्मचारी की मृत्यु होने के कारण धरना फिलहाल स्थगित कर दिया गया है हालांकि किसानों ने प्रबंधन को एक सप्ताह का समय देते हुए चेतावनी दी है।

किसानों ने स्पष्ट कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर गन्ना भुगतान नहीं किया गया तो वे किसी भी वार्ता में शामिल नहीं होंगे और बड़े स्तर पर धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।


किसानों का कहना है कि लगातार हो रही देरी से उनकी आर्थिक स्थिति खराब होती जा रही है और वे अब आर-पार की लड़ाई के मूड में हैं।

