लोहाघाट में रोडवेज बस हादसा, चालक की दर्दनाक मौत, 34 यात्री सुरक्षित

लोहाघाट में रोडवेज बस हादसा, चालक की दर्दनाक मौत, 34 यात्री सुरक्षित

स्थान : लोहाघाट(चंपावत)
ब्यूरो रिपोर्टर

लोहाघाट क्षेत्र के रायकोट महर स्थित कैलबकरियां मंदिर के पास बुधवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया धारचूला से टनकपुर जा रही टनकपुर डिपो की रोडवेज बस अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें चालक की दर्दनाक मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार सुबह करीब 10 बजे बस मोड़ पर पहुंचते ही अचानक अनियंत्रित हो गई प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण ब्रेक फेल या स्टीयरिंग फेल होना बताया जा रहा है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

हादसे के दौरान बस चालक चंपावत के बडोली निवासी बेनीराम थ्वाल गंभीर रूप से घायल हो गए बताया जा रहा है कि बस को नियंत्रण में लाने की कोशिश में वाहन पहाड़ी से टकरा गया, जिससे चालक साइड का दरवाजा खुल गया और वे सीट से गिरकर नीचे आ गए इसी दौरान बस का पहिया उनके ऊपर चढ़ गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

बस में कुल 34 यात्री सवार थे यात्रियों और परिचालक किशन के अनुसार हादसे के बाद एक महिला को हल्की चोटें आईं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। बाकी सभी यात्री सुरक्षित हैं।

घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष लोहाघाट अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम और तहसीलदार मोइनुद्दीन मौके पर पहुंचे बाद में रोडवेज प्रशासन भी घटनास्थल पर पहुंचा।

जेसीबी की मदद से बस को हटाकर चालक के शव को बाहर निकाला गया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की गई रोडवेज अधिकारियों ने बताया कि शव को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए भेजा गया है।

रोडवेज लोहाघाट डिपो के एजीएम धीरज वर्मा ने बताया कि बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित निकालकर दूसरी बस के माध्यम से उनके गंतव्य तक भेज दिया गया है उन्होंने कहा कि दुर्घटनाग्रस्त बस को वर्कशॉप में ले जाकर तकनीकी जांच की जाएगी, ताकि हादसे के सही कारणों का पता चल सके।

हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है चालक बेनीराम थ्वाल की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है स्थानीय लोगों ने रोडवेज बसों की तकनीकी स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि लगातार हो रहे ऐसे हादसों की गंभीर जांच जरूरी है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।