मसूरी में पेयजल संकट पर मंत्री सख्त, 48 घंटे में सुधार के निर्देश

मसूरी में पेयजल संकट पर मंत्री सख्त, 48 घंटे में सुधार के निर्देश

स्थान : मसूरी
ब्यूरो रिपोर्टर

पर्यटन सीजन के बीच मसूरी में गहराते पेयजल संकट को लेकर मंगलवार को नगर पालिका टाउन हॉल में आयोजित समीक्षा बैठक में पानी का मुद्दा पूरी तरह छाया रहा बैठक में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने जल संस्थान और जल निगम के अधिकारियों की लापरवाही पर कड़ी नाराजगी जताते हुए 48 घंटे के भीतर शहर और छावनी क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति सामान्य करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों और व्यापारिक संगठनों ने 144 करोड़ रुपये की यमुना पंपिंग पेयजल योजना के बावजूद पानी की किल्लत पर गंभीर सवाल उठाए लोगों का कहना था कि जिस योजना से 30 वर्षों तक पानी की समस्या खत्म करने का दावा किया गया था, वह जमीन पर प्रभावी नहीं दिख रही है और लोगों को अभी भी टैंकरों के सहारे पानी खरीदना पड़ रहा है।

पेयजल संकट को लेकर जनता और अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली इस पर मंत्री गणेश जोशी ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि अधिकारियों की लापरवाही से सरकार की छवि प्रभावित हो रही है, जिसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

मंत्री ने जल निगम को पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने और जल संस्थान को वितरण व्यवस्था सुधारने के स्पष्ट निर्देश दिए उन्होंने चेतावनी दी कि 10 जून को पुनः समीक्षा बैठक होगी और यदि तब तक स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में अन्य विकास कार्यों पर भी चर्चा हुई, जिनमें सड़कों की मरम्मत, सीवर लाइन व्यवस्था, एसटीपी निर्माण, जर्जर बिजली पोल हटाने, पार्किंग सुविधाओं का विस्तार, ईको पार्क विकास, रेंटल स्कूटी व्यवस्था और माल रोड से साइकिल रिक्शा हटाकर ई-रिक्शा संचालन जैसे मुद्दे शामिल रहे।

मंत्री ने सभी विभागों को निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए और कहा कि मसूरी की जनता को पानी जैसी मूलभूत सुविधा के लिए किसी भी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी उन्होंने आश्वासन दिया कि शासन स्तर पर शहर की सभी प्रमुख समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।