नैनीताल में मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर तैयारी तेज, 2026 कार्यक्रम तय

नैनीताल में मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर तैयारी तेज, 2026 कार्यक्रम तय

स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्टर : संजय जोशी

जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देशानुसार मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम को समयबद्ध और सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

इसी क्रम में हल्द्वानी स्थित एनआईसी सभागार में अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक राय की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई बैठक में सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ), सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी गई अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान लोकतांत्रिक प्रक्रिया का अत्यंत महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिससे मतदाता सूची को अधिक सटीक और पारदर्शी बनाया जाता है।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक राय ने जानकारी दी कि अभियान के अंतर्गत बीएलओ 8 जून 2026 से 7 जुलाई 2026 तक घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित करेंगे और आवश्यक जानकारी एकत्र करेंगे इसके लिए सभी तहसील स्तर पर प्रपत्रों का वितरण पहले ही पूरा कर लिया गया है।

उन्होंने आगे बताया कि 7 जुलाई 2026 को मतदान केंद्रों का युक्तिकरण किया जाएगा इसके बाद 14 जुलाई 2026 को मतदाता सूची का आलेख प्रकाशन किया जाएगा इस अवधि के बाद 14 जुलाई 2026 से 13 अगस्त 2026 तक दावे और आपत्तियां दर्ज की जा सकेंगी।

इसके उपरांत 14 जुलाई 2026 से 11 सितंबर 2026 तक प्राप्त दावों और आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद 15 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।

बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. बाजपेई, नगर आयुक्त परितोष वर्मा, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एच.डी. पाण्डे सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे साथ ही विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया, जिनमें कांग्रेस, भाजपा और बसपा के पदाधिकारी शामिल थे।

अधिकारियों ने सभी दलों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की सफलता सभी की भागीदारी से ही संभव है, जिससे आगामी चुनावों में निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान प्रक्रिया सुनिश्चित की जा सके।