

स्थान : रामनगर
ब्यूरो रिपोर्टर


रामनगर तराई पश्चिमी वन प्रभाग की आमपोखरा रेंज के अंतर्गत ग्राम मालधन चौड़ क्षेत्र में खेत में घास काट रही एक महिला पर गुलदार ने अचानक हमला कर दिया हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि वन विभाग ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है।


जानकारी के अनुसार ग्राम देवपुरा मालधन चौड़ नंबर-4 निवासी चंद्रपाल की 35 वर्षीय पत्नी पिंकी देवी मंगलवार दोपहर घर से कुछ दूरी पर स्थित खेत में घास काट रही थीं इसी दौरान झाड़ियों से निकले गुलदार ने उन पर अचानक हमला बोल दिया।



गुलदार के हमले से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और मौके पर चीख-पुकार मच गई महिला की आवाज सुनकर आसपास मौजूद परिजन और अन्य महिलाएं मौके की ओर दौड़ीं तथा जोर-जोर से शोर मचाया।

ग्रामीणों के शोर-शराबे से घबराकर गुलदार घायल महिला को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने तत्काल घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
घटना के संबंध में आमपोखरा रेंज के रेंजर पूरन सिंह खनायत ने बताया कि घायल महिला का रामनगर के सरकारी अस्पताल में उपचार चल रहा है चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।

वन विभाग ने घटना को गंभीरता से लेते हुए प्रभावित क्षेत्र में कर्मचारियों की गश्त बढ़ा दी है ग्रामीणों को भी सतर्क रहने और अकेले जंगल या खेतों की ओर न जाने की सलाह दी गई है।


रेंजर पूरन सिंह खनायत ने बताया कि गुलदार को पकड़ने के लिए उच्च अधिकारियों से पिंजरा लगाने की अनुमति लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है वन विभाग की टीम लगातार क्षेत्र पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी अन्य अप्रिय घटना को रोका जा सके।

