

स्थान : भीमताल
ब्यूरो रिपोर्टर


ओखलकांडा ब्लॉक के ग्राम सभा हैड़ाखान स्थित साचा क्षेत्र में गौला नदी पर लंबे समय से पुल नहीं होने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था वर्षों से चली आ रही मांग पूरी होने पर अब 60 मीटर लंबे पैदल पुल का निर्माण कार्य पूरा हो गया है, जिसका लोकार्पण क्षेत्रीय विधायक एवं मंत्री राम सिंह कैड़ा ने किया।


गौला नदी पर पुल नहीं होने से हैड़ाखान, लमगड़ा, साचा, बेडूखेत, पस्या, देवली और कौडार समेत आधा दर्जन से अधिक गांवों के लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था विशेष रूप से बरसात के मौसम में ग्रामीणों को मुख्य मार्ग तक पहुंचने के लिए 15 से 20 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती थी।



पुल के अभाव में स्कूली बच्चों की सुरक्षा भी एक बड़ी चिंता बनी रहती थी नदी पार कर स्कूल जाने वाले बच्चों को हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता था बारिश के दिनों में नदी का जलस्तर बढ़ने पर ग्रामीणों और छात्रों का आवागमन लगभग बंद हो जाता था।


ग्रामीणों की मांग पर मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शासन से पैदल पुल निर्माण के लिए 1 करोड़ 21 लाख रुपये की स्वीकृति दिलाई इसके बाद पुल का निर्माण कार्य शुरू हुआ और अब यह पूरी तरह तैयार हो गया है।

लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि पुल बनने से क्षेत्र के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा उन्होंने कहा कि अब ग्रामीणों को आवागमन के लिए लंबा रास्ता तय नहीं करना पड़ेगा और बच्चों की शिक्षा भी प्रभावित नहीं होगी।

मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार कार्य कर रही है सड़क, पुल, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न विकास योजनाएं संचालित की जा रही हैं।


कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनका शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए पुल निर्माण से खुश ग्रामीणों ने मंत्री राम सिंह कैड़ा का फूल-मालाओं से स्वागत कर आभार व्यक्त किया और इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

