ऑपरेशन कालनेमी: कलियर में पुलिस का बड़ा सत्यापन अभियान, 40 संदिग्ध हिरासत में

ऑपरेशन कालनेमी: कलियर में पुलिस का बड़ा सत्यापन अभियान, 40 संदिग्ध हिरासत में

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्टर

देवभूमि हरिद्वार में धार्मिक स्थलों की आड़ में चल रही संदिग्ध गतिविधियों और भ्रामक पहचान के मामलों पर अंकुश लगाने के लिए हरिद्वार पुलिस ने बड़ा अभियान चलाया है वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर “ऑपरेशन कालनेमी” के तहत पिरान कलियर और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक सत्यापन अभियान संचालित किया गया।

अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने क्षेत्र में रह रहे लोगों का गहन सत्यापन किया इस कार्रवाई में ऐसे 40 लोगों को हिरासत में लिया गया, जो विभिन्न राज्यों से आकर क्षेत्र में रह रहे थे और प्रारंभिक जांच में उनकी पहचान एवं गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हुईं।

पुलिस ने हिरासत में लिए गए सभी व्यक्तियों से विस्तृत पूछताछ शुरू कर दी है साथ ही उनके पहचान पत्र, निवास संबंधी दस्तावेजों और पृष्ठभूमि का सत्यापन भी किया जा रहा है, ताकि उनकी वास्तविक पहचान और गतिविधियों की पुष्टि की जा सके।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार अभियान का मुख्य उद्देश्य धार्मिक स्थलों की पवित्रता और गरिमा बनाए रखना है साथ ही ऐसे तत्वों की पहचान करना भी है, जो लोगों की धार्मिक आस्था का दुरुपयोग कर सकते हैं या कानून व्यवस्था के लिए चुनौती बन सकते हैं।

इस संबंध में एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि पुलिस आमजन की सुरक्षा और धार्मिक स्थलों की गरिमा बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।

हर की पैड़ी क्षेत्र में चलाए गए सत्यापन अभियान के बाद पिरान कलियर में हुई यह कार्रवाई पुलिस की महत्वपूर्ण कार्रवाई मानी जा रही है अभियान के दौरान कई स्थानों पर दस्तावेजों और पहचान संबंधी जानकारियों की जांच की गई।

पुलिस का कहना है कि सत्यापन और निगरानी की यह मुहिम आगे भी लगातार जारी रहेगी नियमों का उल्लंघन करने वालों तथा संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और लोगों का विश्वास कायम रखा जा सके।