कुंभ 2027 की तैयारियां तेज, भव्य और सुरक्षित आयोजन पर फोकस

कुंभ 2027 की तैयारियां तेज, भव्य और सुरक्षित आयोजन पर फोकस

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्टर

कुंभ मेला 2027 को भव्य, दिव्य, सुरक्षित और श्रद्धालु-अनुकूल बनाने के लिए मेला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं इसी क्रम में हरिद्वार में मेलाधिकारी सोनिका की अध्यक्षता में परामर्शदात्री समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें धार्मिक संस्थाओं, सामाजिक संगठनों, व्यापारिक प्रतिनिधियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक में कुंभ मेले की व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव सामने आए प्रशासन ने सभी उपयोगी सुझावों पर गंभीरता से विचार कर उन्हें योजनाओं में शामिल करने का भरोसा दिलाया अधिकारियों ने कहा कि कुंभ 2027 को विश्वस्तरीय आयोजन बनाने के लिए सभी पक्षों के सहयोग से कार्य किया जा रहा है।

मेलाधिकारी सोनिका ने बताया कि कुंभ क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने, अवैध निर्माणों पर नियंत्रण और जनसुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है इसके साथ ही “हरित हरिद्वार” अभियान के तहत मेले को पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए भी कई योजनाओं पर काम चल रहा है।

उन्होंने जानकारी दी कि आगामी 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर बड़े स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा इस अभियान में समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित कर हरिद्वार को अधिक हरित और स्वच्छ बनाने का प्रयास किया जाएगा।

बैठक को संबोधित करते हुए सोनिका ने कहा कि कुंभ केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि दुनिया का सबसे बड़ा आध्यात्मिक समागम है, जहां करोड़ों श्रद्धालु पहुंचते हैं ऐसे में व्यवस्थाओं को आधुनिक, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए स्थानीय नागरिकों तथा विभिन्न संगठनों की भागीदारी बेहद आवश्यक है।

बैठक में सड़क चौड़ीकरण, घाटों का विकास, पार्किंग व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, प्रकाश व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छता प्रबंधन और यातायात नियंत्रण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई प्रशासन ने इन सभी क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर कार्ययोजना तैयार करने की बात कही।

अधिकारियों ने बताया कि भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जाएगा। सीसीटीवी नेटवर्क, डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के समन्वय से ऐसी रणनीति तैयार की जा रही है, जिससे श्रद्धालुओं को सुरक्षित, व्यवस्थित और यादगार कुंभ अनुभव मिल सके प्रशासन का लक्ष्य कुंभ मेला 2027 को सफल, सुव्यवस्थित और ऐतिहासिक आयोजन के रूप में स्थापित करना है।