पाटी नगर पंचायत चुनाव को लेकर प्रशासन सतर्क, अधिकारियों को दिया विशेष प्रशिक्षण

पाटी नगर पंचायत चुनाव को लेकर प्रशासन सतर्क, अधिकारियों को दिया विशेष प्रशिक्षण

स्थान : चंपावत
ब्यूरो रिपोर्टर

चंपावत जिले की नगर पंचायत पाटी में 9 जून को होने वाले अध्यक्ष एवं सदस्य पदों के निर्वाचन को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं इसी क्रम में मंगलवार को विकास भवन सभागार में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (नगर निकाय) मनीष कुमार ने की प्रशिक्षण में निर्वाचन अधिकारी (आरओ), सहायक निर्वाचन अधिकारी (एआरओ), जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, पीठासीन अधिकारी तथा प्रथम मतदान अधिकारी सहित चुनाव ड्यूटी में तैनात अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए।

प्रशिक्षण के दौरान मतदान प्रक्रिया की गोपनीयता, निष्पक्षता और शुचिता बनाए रखने के लिए अधिकारियों को आवश्यक कानूनी और तकनीकी जानकारी दी गई चुनाव से जुड़ी प्रत्येक जिम्मेदारी को विस्तार से समझाते हुए अधिकारियों को मतदान प्रक्रिया के विभिन्न चरणों से अवगत कराया गया।

प्रशिक्षण को सैद्धांतिक और व्यावहारिक दो भागों में संचालित किया गया सैद्धांतिक सत्र में मतदान से पहले की तैयारियों, मतदान के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और मतदान के बाद की प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

वहीं व्यावहारिक सत्र में डिजिटल प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मतदान दलों की जिम्मेदारियों का प्रदर्शन किया गया अधिकारियों को मतपेटी तैयार करने, मतदान का लेखा-जोखा रखने, मतदान समाप्ति के बाद मतपेटी को सुरक्षित रूप से सीलबंद करने तथा उसे संग्रह केंद्र तक पहुंचाने की प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया गया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि संपूर्ण चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध ढंग से संपन्न कराना सभी अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है उन्होंने चुनाव ड्यूटी में लगे सभी कार्मिकों को अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जीएस खाती ने भी निर्वाचन की शुचिता बनाए रखने पर जोर दिया उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी और कर्मचारी चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए सौंपे गए दायित्वों का ईमानदारी और सतर्कता के साथ निर्वहन करें, ताकि पाटी नगर पंचायत चुनाव सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।