हल्दूचौड़ में लाखों की चोरी, पुलिस चौकी के पास बंद मकान को बनाया निशाना

हल्दूचौड़ में लाखों की चोरी, पुलिस चौकी के पास बंद मकान को बनाया निशाना

स्थान : हल्दूचौड़
ब्यूरो रिपोर्टर

लालकुआं कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत हल्दूचौड़ में चोरों ने पुलिस चौकी से कुछ ही दूरी पर स्थित एक बंद मकान में सेंध लगाकर लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया नकाबपोश बदमाश घर से करीब 8 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और 25 हजार रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित कमला बिष्ट का मकान इन दिनों बंद था कमला बिष्ट अपने बड़े बेटे मोहित के पास बेंगलुरु गई हुई हैं, जबकि उनका छोटा बेटा नितिन बिष्ट घर पर अकेला रह रहा था रविवार को नितिन अपनी ताई के घर हल्द्वानी गया था और रात वहीं रुक गया।

सोमवार को जब नितिन वापस घर पहुंचा तो उसने देखा कि मकान के अंदर का ताला टूटा हुआ है घर में प्रवेश करने पर सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा मिला। कमरों में रखी दोनों अलमारियों के लॉकर टूटे हुए थे और उनमें रखा कीमती सामान गायब था।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि चोर घर से करीब 8 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और 25 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गए वारदात के बाद पीड़ित परिवार को भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ा है।

घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने पर पता चला कि तीन नकाबपोश बदमाश लोहे की रॉड लेकर मकान की दीवार फांदकर अंदर घुसे थे इसके बाद उन्होंने बेहद शातिर तरीके से घर की तलाशी ली और अलमारियों के लॉकर तोड़कर कीमती सामान समेट लिया।

चोरों ने वारदात को अंजाम देने के बाद सबूत मिटाने के उद्देश्य से घर में लगे सीसीटीवी कैमरे को भी क्षतिग्रस्त कर दिया हालांकि कैमरा तोड़े जाने से पहले उनकी पूरी गतिविधि रिकॉर्ड हो चुकी थी, जिससे पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस क्षेत्राधिकारी अमित सैनी सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया पीड़ित नितिन बिष्ट की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है सीओ अमित सैनी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं और जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।