बाजपुर में आबकारी विभाग का सघन अभियान, अवैध कच्ची शराब के अड्डों पर कार्रवाई

बाजपुर में आबकारी विभाग का सघन अभियान, अवैध कच्ची शराब के अड्डों पर कार्रवाई

स्थान : बाजपुर
रिपोर्टर : विदेश शर्मा

संयुक्त आबकारी आयुक्त प्रदीप कुमार के आदेश पर विशेष सघन प्रवर्तन अभियान के तहत अवैध मादक पदार्थों के निर्माण, बिक्री और भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई।

अभियान के तहत अपराध निरोध क्षेत्र-4 बाजपुर के बनगढ, गोबरा और गजरोला क्षेत्रों में आबकारी विभाग की टीम ने छापेमारी की इस दौरान अवैध कच्ची शराब के अड्डों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।

कार्रवाई में लगभग 25 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई, जबकि करीब 3000 किलोग्राम लहन (कच्ची शराब बनाने में प्रयुक्त सामग्री) को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया विभाग ने संबंधित मामलों में धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किए हैं।

अधिकारियों के अनुसार यह अभियान अवैध शराब कारोबार पर रोक लगाने और क्षेत्र में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है टीम ने मौके पर पहुंचकर कई ठिकानों की गहन तलाशी ली और अवैध सामग्री को नष्ट किया।

इस कार्रवाई में आबकारी निरीक्षक महेंद्र सिंह बिष्ट, प्रधान आबकारी सिपाही पवन कुमार कम्बोज सहित आबकारी सिपाही वंदना घिल्डियाल, अर्चना यादव और रेनुका बोरा शामिल रहे।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।