

स्थान : जसपुर
ब्यूरो रिपोर्टर


जनपद उधम सिंह नगर के जसपुर क्षेत्र अंतर्गत रायपुर गांव और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के गरीब परिवारों के विद्यार्थियों के लिए एक बड़ी सौगात दी गई है यहां 28 लाख रुपये की लागत से बनी ‘ज्ञान भवन लाइब्रेरी’ का उद्घाटन पूर्व विधायक शैलेंद्र मोहन सिंघल ने बीती देर शाम किया।


उद्घाटन कार्यक्रम में क्षेत्र के सैकड़ों लोग और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे इस अवसर पर स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे ग्रामीण शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कदम बताया।



इस लाइब्रेरी में एक साथ 75 विद्यार्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है और यहां छात्रों को पूरी तरह निशुल्क अध्ययन सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी आधुनिक सुविधाओं से युक्त इस भवन में बिजली, स्वच्छ पेयजल और शौचालय जैसी आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।


पूर्व विधायक शैलेंद्र मोहन सिंघल ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में कई ऐसे विद्यार्थी हैं जिनके पास पढ़ाई के लिए पर्याप्त संसाधन नहीं हैं रायपुर गांव, जो जसपुर से लगभग 8 किलोमीटर दूर है, वहां के बच्चों को अध्ययन के लिए बेहतर वातावरण की आवश्यकता महसूस की जा रही थी।

उन्होंने कहा कि कई विद्यार्थी पहले जसपुर की लाइब्रेरी तक पढ़ाई के लिए जाते थे, क्योंकि वहां शांत और एकाग्र वातावरण मिलता है लेकिन घरों में स्थान और सुविधाओं की कमी के कारण पढ़ाई प्रभावित होती है, ऐसे में यह नई लाइब्रेरी ग्रामीण बच्चों के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी।


उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को ध्यान में रखते हुए इस ज्ञान भवन का निर्माण कराया गया है इसका उद्देश्य बच्चों को एक बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराना है ताकि वे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकें।


स्थानीय लोगों का कहना है कि इस प्रकार की सुविधाएं ग्रामीण शिक्षा को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएंगी इससे बच्चों का बौद्धिक विकास होगा और वे भविष्य में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर सकेंगे।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के लिए एक प्रेरणादायक कदम बताया उम्मीद जताई जा रही है कि यह लाइब्रेरी आने वाले समय में ग्रामीण छात्रों के लिए शिक्षा का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगी।

