

स्थान : गदरपुर
ब्यरो रिपोर्ट


ऊधमसिंह नगर जिले के गदरपुर क्षेत्र में नेशनल हाईवे-74 पर उस समय सनसनी फैल गई जब बाजपुर की ओर जा रहे दो युवकों पर कथित तौर पर पूर्व रंजिश के चलते तीन राउंड फायरिंग कर दी गई हालांकि घटना में कोई घायल नहीं हुआ और न ही गोली कार को लगी सूचना मिलते ही गदरपुर पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी।


जानकारी के अनुसार, कौशल और रजत नामक युवक कार से बाजपुर की ओर जा रहे थे इसी दौरान पीछे से आ रही एक क्रेटा कार ने उनकी गाड़ी को रोक लिया आरोप है कि कार सवार युवकों ने उन्हें निशाना बनाते हुए तीन राउंड फायरिंग की और मौके से फरार हो गए।



घटना के बाद दोनों युवकों ने सूझबूझ दिखाते हुए अपनी कार को बैक गियर में तेजी से दौड़ाया और वहां से निकलकर अपनी जान बचाई इसके बाद उन्होंने नजदीकी पुलिस चौकी पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी।


पीड़ित युवक कौशल ने बताया कि बाजपुर छात्रसंघ चुनाव के दौरान उन्होंने एबीवीपी प्रत्याशी सचिन का समर्थन किया था इसी बात को लेकर दूसरे गुट के कुछ युवकों से उनकी रंजिश हो गई थी, जो लगातार चली आ रही थी कौशल का आरोप है कि उसी रंजिश के चलते उन पर हमला किया गया।
वहीं रजत ने बताया कि वह अपने एक रिश्तेदार को छोड़ने के लिए बाजपुर जा रहे थे रास्ते में एक क्रेटा कार ने उनकी गाड़ी को रोका और उन पर फायरिंग शुरू कर दी उन्होंने किसी तरह गाड़ी पीछे मोड़कर मौके से निकलकर अपनी जान बचाई।

घटना की सूचना मिलते ही सब इंस्पेक्टर मुकेश मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया पुलिस ने मौके से एक जिंदा कारतूस बरामद किया है, जिसे जांच के लिए कब्जे में लिया गया है।


फायरिंग की खबर फैलते ही घटनास्थल और पुलिस चौकी पर युवकों के समर्थकों की भीड़ जमा हो गई मामले को लेकर क्षेत्र में तनाव का माहौल बना रहा, हालांकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में रखा।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है आरोपित युवकों की पहचान करने के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जा रही है पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

