वीकेंड पर नैनीताल, कैंची धाम और भीमताल में पुलिस रही अलर्ट, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

वीकेंड पर नैनीताल, कैंची धाम और भीमताल में पुलिस रही अलर्ट, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

स्थान : नैनीताल
ब्यरो रिपोर्ट

वीकेंड के दौरान जनपद के प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों पर बढ़ती पर्यटकों और श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत कर दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में नैनीताल, कैंची धाम और भीमताल क्षेत्र में विशेष सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन व्यवस्था लागू की गई।

पर्यटन सीजन और सप्ताहांत पर बड़ी संख्या में पहुंचने वाले पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। जिले के विभिन्न संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई।

पुलिस द्वारा नैनीताल, कैंची धाम और भीमताल के प्रमुख पर्यटन स्थलों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशन, पार्किंग स्थलों तथा सार्वजनिक स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान आने-जाने वाले लोगों और वाहनों की निगरानी की गई।

सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए डॉग स्क्वॉड एवं एंटी सबोटाज टीम को भी सक्रिय रखा गया। टीमों ने विभिन्न स्थानों पर संदिग्ध वस्तुओं और लावारिस सामानों की गहन जांच कर सुरक्षा मानकों का परीक्षण किया।

पुलिस अधिकारियों और जवानों द्वारा लगातार गश्त कर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखते हुए किसी भी संभावित अप्रिय घटना को रोकने के लिए सतर्कता बरती गई।

यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रमुख मार्गों और चौराहों पर पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई। वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित यात्रा करने के लिए जागरूक भी किया गया।

पुलिस का कहना है कि वीकेंड के दौरान पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होने से यातायात दबाव बढ़ जाता है। ऐसे में लोगों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विशेष प्रबंध किए गए हैं ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।

नैनीताल पुलिस ने आम जनता, पर्यटकों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या वस्तु की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। किसी भी आपात स्थिति में नागरिक डायल 112 पर संपर्क कर पुलिस सहायता प्राप्त कर सकते हैं।