राहुल गांधी की अल्मोड़ा रैली को लेकर कांग्रेस ने झोंकी ताकत, ऐतिहासिक जनसभा का दावा

राहुल गांधी की अल्मोड़ा रैली को लेकर कांग्रेस ने झोंकी ताकत, ऐतिहासिक जनसभा का दावा

स्थान : अल्मोड़ा
ब्यूरो रिपोर्टर

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 4 जून को प्रस्तावित अल्मोड़ा दौरे को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं पार्टी नेताओं का कहना है कि वर्ष 2027 के उत्तराखंड विधानसभा चुनाव अभियान का आगाज कांग्रेस सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा से करने जा रही है राहुल गांधी अल्मोड़ा में जनसभा को संबोधित करने के बाद पौड़ी में भी कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।

राहुल गांधी की प्रस्तावित जनसभा को सफल बनाने के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने प्रदेशभर में दौरे शुरू कर दिए हैं पार्टी कार्यकर्ता जनसंपर्क अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रेरित कर रहे हैं कांग्रेस का दावा है कि इस रैली में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी होगी।

इसी क्रम में अल्मोड़ा पहुंचे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा ने कहा कि राहुल गांधी की रैली को लेकर जनता में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है उन्होंने कहा कि यह जनसभा ऐतिहासिक, अभूतपूर्व और लोकतंत्र को मजबूत करने वाली साबित होगी।

प्रदीप टम्टा ने कहा कि उत्तराखंड जैसे सैन्य परंपरा वाले राज्य में भाजपा की नीतियों को लेकर लोगों में नाराजगी है उनका आरोप है कि सरकार द्वारा सैनिकों और पूर्व सैनिकों से जुड़े मुद्दों की अपेक्षित गंभीरता से अनदेखी की गई है, जिससे पूर्व सैनिकों में भी असंतोष का माहौल है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड कुमाऊं और गढ़वाल रेजिमेंट की गौरवशाली विरासत वाला प्रदेश है ऐसे में राहुल गांधी का यहां आना और जनता से संवाद करना राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है कांग्रेस इसे जनता के मुद्दों को उठाने का बड़ा अवसर मान रही है।

पूर्व सांसद ने दावा किया कि राहुल गांधी के दौरे से प्रदेश की राजनीति में नई ऊर्जा का संचार होगा और भाजपा पर राजनीतिक दबाव बढ़ेगा उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के बीच जाकर उनके मुद्दों को मजबूती से उठाने का कार्य कर रही है।

कांग्रेस नेताओं के अनुसार, अल्मोड़ा और पौड़ी में होने वाले कार्यक्रम केवल राजनीतिक सभाएं नहीं बल्कि जनता, युवाओं और पूर्व सैनिकों की आवाज को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का माध्यम भी होंगे पार्टी को उम्मीद है कि राहुल गांधी का यह दौरा आगामी चुनावी राजनीति में महत्वपूर्ण प्रभाव छोड़ने वाला साबित होगा।