रामनगर में बाघ का जानलेवा हमला, मां और चचेरे भाई के सामने युवक को घसीटकर जंगल में ले गया बाघ

रामनगर में बाघ का जानलेवा हमला, मां और चचेरे भाई के सामने युवक को घसीटकर जंगल में ले गया बाघ

स्थान : रामनगर
रिपोर्टर : सलीम अहमद साहिल

रामनगर के फाँटो इको टूरिस्ट जोन में बाघ के हमले से 22 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मवेशी चराने गए युवक दिलशाद पर बाघ ने उसकी मां और चचेरे भाई के सामने अचानक हमला कर दिया और उसे घसीटकर जंगल में ले गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों और वन विभाग की टीम ने करीब दो घंटे तक जंगल में तलाश अभियान चलाया, जिसके बाद युवक का शव बरामद किया गया।

जानकारी के अनुसार, फाँटो वन गुर्जर खत्ते में रहने वाला 22 वर्षीय दिलशाद पुत्र मोहम्मद गुलाम मुस्तफा अपनी मां नूरजहां और चचेरे भाई इमरान के साथ मवेशियों को चराने के लिए जंगल गया था। इसी दौरान कॉर्बेट की एंटी पोचिंग चौकी के समीप घात लगाए बैठे बाघ ने अचानक दिलशाद पर हमला कर दिया। हमला इतना तेज था कि युवक को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

बताया जा रहा है कि बाघ दिलशाद को उसकी मां और चचेरे भाई की आंखों के सामने घसीटकर घने जंगल की ओर ले गया। अपने बेटे पर बाघ का हमला होते देख मां नूरजहां की चीख निकल गई। चचेरे भाई इमरान ने भी शोर मचाया, लेकिन बाघ युवक को लेकर जंगल में ओझल हो गया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और आसपास के ग्रामीण मौके की ओर दौड़ पड़े।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम और स्थानीय ग्रामीण जंगल में युवक की तलाश के लिए जुट गए। जंगल में बाघ की मौजूदगी के खतरे के बीच करीब दो घंटे तक खोजबीन की गई। काफी मशक्कत के बाद दिलशाद का शव जंगल से बरामद हुआ। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में मातम पसर गया और वन गुर्जर परिवारों में भय का माहौल बन गया।

मृतक के मामा मोहम्मद याकूब ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि दिलशाद अपनी मां और चचेरे भाई के साथ मवेशी चराने गया था। इसी दौरान बाघ सफारी वाली सड़क की दिशा से आया और अचानक उस पर झपट पड़ा। उन्होंने बताया कि पूरी घटना परिवार के सदस्यों के सामने हुई, लेकिन बाघ के हमले से युवक को बचाया नहीं जा सका। इस दर्दनाक घटना से पूरा परिवार गहरे सदमे में है।

वहीं, फाँटो रेंज अधिकारी कृपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि घटना उत्तरी फाँटो बीट के कक्ष संख्या 43 में हुई है। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई। युवक का शव बरामद कर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वन विभाग द्वारा घटना से संबंधित तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।

डीएफओ पुनीत तोमर ने बताया कि बाघ के हमले में जान गंवाने वाले युवक के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा देने की कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद वन क्षेत्र में रहने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। विशेष रूप से जंगलों में मवेशी चराकर आजीविका चलाने वाले वन गुर्जर परिवारों के सामने वन्यजीवों के हमलों का खतरा गंभीर चुनौती बना हुआ है।

फाँटो के जंगल में हुई इस दर्दनाक घटना ने वन गुर्जर परिवारों की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। जंगल और मवेशियों पर निर्भर इन परिवारों के लिए रोजी-रोटी कमाना भी जोखिम भरा होता जा रहा है। महज 22 साल की उम्र में दिलशाद की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस घटना के बाद वन क्षेत्र में रहने वाले परिवारों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता महसूस की जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।