

स्थान : हल्द्वानी
ब्यरो रिपोर्ट


उत्तराखंड के हल्द्वानी से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां रोडवेज बस स्टेशन परिसर में गुरुवार को एक युवक की अचानक मौत हो गई। इस घटना से पूरे स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया।


जानकारी के अनुसार, युवक स्टेशन परिसर में बेंच पर बैठा हुआ था, तभी अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और कुछ ही देर में वह बेसुध होकर गिर पड़ा। यह देखकर वहां मौजूद लोग घबरा गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।

मृतक की पहचान 35 वर्षीय वीरेंद्र सिंह निवासी नथुवाखान, सुयलगाड़ के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक काफी देर से स्टेशन परिसर में बैठा हुआ था।

मौके पर मौजूद यात्रियों और रोडवेज कर्मचारियों ने तुरंत घटना की सूचना 108 एंबुलेंस सेवा और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
रोडवेज कर्मचारियों ने बताया कि वीरेंद्र सिंह पिछले एक दिन से बस स्टेशन परिसर में घूमता हुआ दिखाई दे रहा था और वहीं समय बिता रहा था।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक तौर पर मौत के कारणों की पुष्टि नहीं हो पाई है।



