

स्थान : नैनीताल
ब्यरो रिपोर्ट


वैश्विक स्तर पर ईंधन संसाधनों पर बढ़ते दबाव और ऊर्जा संरक्षण की आवश्यकता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने एक प्रेरणादायी पहल की है। उन्होंने बड़े वाहनों के उपयोग को सीमित करते हुए मोटरसाइकिल से कार्यालय एवं क्षेत्र भ्रमण कर आमजन को ईंधन बचत का संदेश दिया।


एसएसपी ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह ईंधन की बचत कर राष्ट्रहित में योगदान दे। इसी क्रम में उन्होंने आमजन से अपील की कि अधिक से अधिक छोटे वाहनों, सार्वजनिक परिवहन, कार-पूलिंग और पैदल चलने की आदत को अपनाया जाए।


उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी सावधानियां और जागरूकता भविष्य में बड़े सकारात्मक परिणाम ला सकती हैं। ईंधन संरक्षण न केवल आर्थिक दृष्टि से आवश्यक है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रीय संसाधनों की सुरक्षा के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।

एसएसपी नैनीताल ने पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को भी अनावश्यक वाहन उपयोग से बचने, कार-पूलिंग अपनाने और ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूक रहने के निर्देश दिए हैं।

नैनीताल पुलिस की इस पहल को अनुकरणीय बताते हुए इसे जनहित और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।

“सुरक्षा, सेवा और राष्ट्रहित — नैनीताल पुलिस सदैव तत्पर”



