नीट यूजी पेपर लीक मामले पर लोहाघाट में युवाओं का प्रदर्शन

नीट यूजी पेपर लीक मामले पर लोहाघाट में युवाओं का प्रदर्शन

स्थान : लोहाघाट
ब्यूरो रिपोर्ट

चंपावत जिले के लोहाघाट क्षेत्र में नीट यूजी पेपर लीक मामले को लेकर युवाओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। बुधवार को यूथ कांग्रेस और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए वीर कालू सिंह महरा चौक में पुतला दहन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष सक्षम अधिकारी ने किया।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पेपर लीक मामलों पर सरकार को घेरा। यूथ कांग्रेस और एनएसयूआई नेताओं ने कहा कि सरकार की गंभीर लापरवाही के कारण लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व में हुए पेपर लीक मामलों से भी सरकार ने कोई सबक नहीं लिया।

यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष सक्षम अधिकारी ने कहा कि इस वर्ष भी नीट यूजी परीक्षा का पेपर लीक होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि मामले में राजस्थान के एक भाजपा नेता का नाम सामने आने से सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने इसे युवाओं के भविष्य के साथ सीधा अन्याय बताया।

सक्षम अधिकारी ने कहा कि केंद्र सरकार युवाओं को रोजगार देने में पहले ही असफल साबित हो रही है और अब प्रवेश परीक्षाओं में पेपर लीक जैसी घटनाएं छात्रों का मनोबल तोड़ रही हैं। उन्होंने कहा कि मेहनत करने वाले छात्रों का भविष्य लगातार खतरे में डाला जा रहा है।

उन्होंने कहा कि देश में पूर्व में भी कई प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक हो चुके हैं। उत्तराखंड में भी कई भर्ती परीक्षाओं में नकल और पेपर लीक के मामले सामने आए हैं, लेकिन अब तक दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हो सकी है। इससे नकल माफियाओं के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं।

प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने उत्तराखंड के चर्चित पेपर माफिया हाकम सिंह का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि हाकम सिंह जैसे आरोपी जेल से बाहर आकर खुलेआम घूम रहे हैं और पार्टियों में मौज कर रहे हैं, जिससे साफ है कि सरकार नकल माफियाओं पर लगाम लगाने में नाकाम रही है।

यूथ कांग्रेस नेताओं ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि पेपर लीक जैसे मामलों के लिए सख्त कानून बनाया जाए और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। उन्होंने कहा कि यदि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले समय में छात्रों का शिक्षा व्यवस्था से विश्वास उठ जाएगा।

वहीं एनएसयूआई छात्र नेता आयुष गोस्वामी ने एबीवीपी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एबीवीपी खुद को सबसे बड़ा छात्र संगठन बताती है, लेकिन जब छात्रों के हितों से जुड़े ऐसे गंभीर मामले सामने आते हैं तो संगठन के नेता चुप्पी साध लेते हैं। उन्होंने नीट पेपर लीक को सरकार की बड़ी विफलता बताते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की।