

स्थान : लालकुआँ
रिपोर्टर : मुन्ना अंसारी


बिन्दुखत्ता में मानसून की आहट के साथ एक बार फिर नदी कटाव का खतरा गहराने लगा है। इसी मुद्दे को लेकर सोमवार को बिन्दुखत्ता ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में प्रभावित क्षेत्रों में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया।


धरना प्रदर्शन में स्थानीय लोगों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और गौला नदी के तेज बहाव से होने वाले भू-कटाव को रोकने के लिए मजबूत और स्थायी तटबंध निर्माण की मांग उठाई।


स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष बरसात के दौरान नदी का जलस्तर बढ़ने से किसानों की उपजाऊ भूमि नदी में बह जाती है, जिससे भारी आर्थिक नुकसान होता है।


लालकुआं क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले शास्त्री नगर, राजीव नगर और इन्द्रानगर जैसे इलाकों में दर्जनों घरों पर भी खतरा मंडराता रहता है, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बना रहता है।

धरना प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द से जल्द तटबंध निर्माण कार्य शुरू करने की मांग की।


प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।


धरना समाप्त होने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा, जिसमें प्रभावित क्षेत्रों में स्थायी समाधान की मांग की गई।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि हर साल नुकसान झेलने के बावजूद स्थायी सुरक्षा इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं, जिससे लोगों में असंतोष बढ़ रहा है।

