हल्द्वानी में गोल्ड शोरूम में चोरी का मामला, महिला स्टाफ पर आरोप

हल्द्वानी में गोल्ड शोरूम में चोरी का मामला, महिला स्टाफ पर आरोप

स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट

हल्द्वानी के पॉश इलाके नैनीताल रोड स्थित मालाबार गोल्ड शोरूम में मंगलवार को चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। मामले में शोरूम की ही एक महिला स्टाफ पर सोने की ज्वेलरी चोरी का आरोप लगा है, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस देर रात मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। प्रारंभिक जांच के दौरान संदिग्ध पाए जाने पर महिला स्टाफ को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। पुलिस फिलहाल उससे लगातार पूछताछ कर रही है।

पुलिस टीम ने शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि चोरी की वारदात कैसे और किन परिस्थितियों में हुई।

घटना की जानकारी फैलते ही शोरूम के बाहर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले जांच पूरी होने की बात कही है।

इस घटना ने शहर के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।