

स्थान : पौड़ी गढ़वाल
ब्यूरो रिपोर्ट


पौड़ी गढ़वाल में मुख्य विकास अधिकारी और जिला विकास अधिकारी के संभावित तबादले की चर्चाओं के बीच राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। कालजीखाल के कनिष्ठ प्रमुख दीपक असवाल ने इस मामले पर नाराजगी जताते हुए दोनों अधिकारियों के कार्यों की सराहना की है।


दीपक असवाल ने कहा कि वह सुबह से सोशल मीडिया पर गिरीश गुणवन्त और मनविंदर कौर के तबादले की खबरें देख रहे हैं, जिससे क्षेत्र के लोगों में निराशा का माहौल है।

उन्होंने कहा कि पौड़ी गढ़वाल में जब भी कोई ईमानदार और जनहित में कार्य करने वाला अधिकारी आता है, उसका जल्द ही तबादला कर दिया जाता है। उनके अनुसार यह स्थिति बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और इससे विकास कार्य प्रभावित होते हैं।


दीपक असवाल ने दोनों अधिकारियों की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि चाहे बीडीसी बैठकों की बात हो या ब्लॉक स्तर पर विकास योजनाओं के क्रियान्वयन की, दोनों अधिकारियों ने हमेशा जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य किया।
उन्होंने दावा किया कि जब भी वह क्षेत्र की समस्याओं को लेकर अधिकारियों के पास पहुंचे, तब-तब समस्याओं का त्वरित समाधान किया गया। उनके अनुसार ऐसे कर्मठ और जनहितैषी अधिकारियों का तबादला क्षेत्र के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है।


कनिष्ठ प्रमुख ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें जानकारी मिली है कि एक महिला भाजपा विधायक द्वारा कथित रूप से गलत प्रकार के भुगतान का दबाव बनाया जा रहा था। उन्होंने कहा कि CDO और DDO द्वारा इस भुगतान को स्वीकृति नहीं दिए जाने के कारण तबादले की चर्चाएं सामने आई हैं।


हालांकि इस पूरे मामले में अभी तक प्रशासन या सरकार की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। न ही संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की ओर से आरोपों पर कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने आई है।
फिलहाल तबादले की चर्चाओं और लगाए गए आरोपों के बाद पौड़ी गढ़वाल की राजनीति और प्रशासनिक हलकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। अब सभी की नजर शासन के अगले कदम और आधिकारिक निर्णय पर टिकी हुई है।

