

स्थान : चंपावत
ब्यूरो रिपोर्ट


मनीष कुमार अपनी संवेदनशील कार्यशैली और जनसरोकारों को लेकर लगातार चर्चा में बने हुए हैं। सोमवार को आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में एक पीड़ित परिवार की गुहार सुनने के बाद डीएम स्वयं उनके घर पहुंच गए और परिवार की समस्याओं को गंभीरता से सुना।


जानकारी के अनुसार, चंपावत के बालेश्वर वार्ड निवासी श्रीमती बबीता प्रहरी ने जनता मिलन कार्यक्रम में अपने पति विजय प्रहरी की मानसिक स्थिति के उपचार के लिए आर्थिक सहायता की मांग की थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार शाम को स्वयं उनके आवास पहुंचे।

बालेश्वर वार्ड स्थित घर पहुंचकर जिलाधिकारी ने विजय प्रहरी की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली और परिवार से विस्तार से बातचीत की। उन्होंने मौके पर ही अधिकारियों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।


डीएम ने जिला समाज कल्याण अधिकारी के.एस. चौहान को तत्काल बुलाकर परिवार को आर्थिक और शासकीय सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद परिवार को हर संभव मदद दी जाए।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि विजय प्रहरी के एमआरआई टेस्ट सहित सभी जरूरी चिकित्सीय जांचें प्राथमिकता के आधार पर कराई जाएं। उन्होंने आवश्यकता पड़ने पर जनपद से बाहर बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

परिवार से बातचीत के दौरान श्रीमती बबीता प्रहरी ने बताया कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण इलाज का खर्च उठाना मुश्किल हो रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को शासन की सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ परिवार तक पहुंचाने को कहा।



डीएम मनीष कुमार ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और पीड़ित परिवार को जल्द राहत उपलब्ध कराई जाए। उनकी इस पहल की स्थानीय लोगों ने भी सराहना की है।
इस दौरान कृष्णनाथ गोस्वामी, अधिशासी अधिकारी भरत त्रिपाठी सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे। जिलाधिकारी की इस मानवीय पहल ने प्रशासन की संवेदनशील छवि को और मजबूत किया है।

