खटीमा पहुंचीं भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष, कांग्रेस पर साधा निशाना

खटीमा पहुंचीं भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष, कांग्रेस पर साधा निशाना

स्थान : खटीमा/ऊधम सिंह नगर
रिपोर्टर : अशोक सरकार

खटीमा से बड़ी राजनीतिक खबर सामने आई है। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट सोमवार खटीमा पहुंचीं, जहां उन्होंने चंपावत प्रकरण को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस प्रदेश की जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रही है।

खटीमा में भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष डॉ. विनीता सक्सेना के नेतृत्व में एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट का जोरदार स्वागत किया।

प्रेस वार्ता में चंपावत प्रकरण को लेकर कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे आरोपों और कथित षड्यंत्र को लेकर भाजपा महिला मोर्चा ने कड़ा विरोध जताया। प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने कहा कि कांग्रेस लगातार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की साफ छवि को धूमिल करने का प्रयास कर रही है।

रुचि भट्ट ने कहा कि चंपावत मामले में जांच एजेंसियों द्वारा कई तथ्यों का खुलासा किया जा चुका है, जिससे कांग्रेस की राजनीति पूरी तरह बेनकाब हो गई है। उन्होंने दावा किया कि विपक्ष केवल राजनीतिक लाभ के लिए मुद्दों को तोड़-मरोड़कर पेश कर रहा है।

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री रश्मि रस्तोगी ने कहा कि महिला मोर्चा किसी भी साजिश को सफल नहीं होने देगा। उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों में कांग्रेस को जनता इसका जवाब देगी।

जिला अध्यक्ष डॉ. विनीता सक्सेना ने कहा कि भाजपा महिला मोर्चा हमेशा महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों के लिए मजबूती से खड़ा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार महिलाओं के विकास और उत्थान के लिए लगातार काम कर रही है।

प्रेस वार्ता में भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर झूठी राजनीति और भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा विकास और जनता के विश्वास की राजनीति करती है, जबकि विपक्ष केवल नकारात्मक माहौल बनाने में लगा हुआ है।

इस अवसर पर महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यालय प्रभारी बबली चौहान, जिला महामंत्री प्रीति धीर, जिला उपाध्यक्ष नीलू गुप्ता, चंपावत सह प्रभारी विमला मंडेला सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।