

स्थान : बाजपुर
रिपोर्टर : विशेष शर्मा


ऊधमसिंहनगर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत अवैध हथियारों की रोकथाम के लिए की गई कार्रवाई में बाजपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।


जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक काशीपुर और क्षेत्राधिकारी बाजपुर के पर्यवेक्षण में यह अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली बाजपुर पुलिस ने चौकी दोराहा क्षेत्र में गश्त और चेकिंग अभियान चलाया।

चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक युवक को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक 315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सागर सिंह पुत्र कृष्ण सिंह, निवासी धीमरखेड़ा वार्ड नंबर 18, मसवासी थाना स्वार, जिला रामपुर (उत्तर प्रदेश), उम्र 21 वर्ष के रूप में हुई है।
बरामदगी के आधार पर कोतवाली बाजपुर में अभियुक्त के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 161/26 धारा 3/25(1ख)(क) आयुध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वह हथियार कहां से लाया और इसका इस्तेमाल कहां किया जाना था।


पुलिस अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

