खैरासैंण में नए राजकीय महाविद्यालय भवन का लोकार्पण, छात्रों ने उठाईं सुविधाओं की मांग

खैरासैंण में नए राजकीय महाविद्यालय भवन का लोकार्पण, छात्रों ने उठाईं सुविधाओं की मांग

स्थान : पौड़ी गढ़वाल
ब्यूरो रिपोर्ट

प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज और डॉ. धन सिंह रावत ने रविवार को सतपुली के खैरासैंण में नवनिर्मित राजकीय महाविद्यालय भवन का विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला और इसे पर्वतीय क्षेत्रों में उच्च शिक्षा के लिए बड़ी उपलब्धि बताया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह महाविद्यालय दूरस्थ क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं के लिए वरदान साबित होगा। उन्होंने कहा कि खासकर बेटियों को अब बेहतर शिक्षा के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गांव-गांव तक विकास पहुंचाने और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

वहीं उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि नई शिक्षा नीति के तहत प्रदेशभर में आधुनिक कक्षाएं, कंप्यूटर लैब, विज्ञान प्रयोगशालाएं और डिजिटल शिक्षण सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को भी आधुनिक शिक्षा से जोड़ना सरकार का लक्ष्य है।

हालांकि महाविद्यालय भवन के लोकार्पण के बीच छात्रों ने कई मूलभूत समस्याओं को भी सामने रखा। कॉलेज में अध्ययन कर रहे छात्रों का कहना है कि नया महाविद्यालय सतपुली बाजार से काफी दूर स्थित है, जहां पहुंचने के लिए पर्याप्त वाहन सुविधा उपलब्ध नहीं है।

छात्रों ने बताया कि उन्हें रोजाना पैदल जंगल के रास्ते से कॉलेज जाना पड़ रहा है, जिससे जंगली जानवरों का खतरा बना रहता है। खासकर छात्राओं को आवागमन में अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

इसके साथ ही छात्रों ने महाविद्यालय परिसर में पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी का मुद्दा भी उठाया। छात्रों ने सरकार और प्रशासन से जल्द परिवहन और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि उन्हें सुरक्षित और बेहतर वातावरण में शिक्षा मिल सके।