योगी सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार रविवार को, 8 मंत्री लेंगे शपथ

योगी सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार रविवार को, 8 मंत्री लेंगे शपथ

ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तर प्रदेश में रविवार दोपहर 3:30 बजे योगी आदित्यनाथ मंत्रिमंडल का दूसरा विस्तार आयोजित किया जाएगा। शपथ ग्रहण समारोह राजभवन लखनऊ में होगा, जहां राज्यपाल आनंदीबेन पटेल आठ मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगी।

सरकार के इस विस्तार में दो मौजूदा मंत्रियों को पदोन्नति दी जा रही है, जबकि छह नए चेहरे मंत्रिमंडल में शामिल होंगे।

वर्तमान में योगी सरकार में मुख्यमंत्री सहित कुल 54 मंत्री हैं, जबकि राज्य में अधिकतम 60 मंत्री बनाए जा सकते हैं। बिना किसी मंत्री को हटाए यह विस्तार किया जा रहा है।

इस सूची में कई प्रमुख नाम शामिल हैं—

भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी कैबिनेट मंत्री पद की शपथ लेंगे। वहीं रायबरेली के ऊंचाहार से विधायक मनोज कुमार पाण्डेय भी कैबिनेट मंत्री बनेंगे।

कन्नौज की तिर्वा सीट से विधायक कैलाश सिंह राजपूत को भी मंत्रिपद की शपथ दिलाई जाएगी।

वाराणसी से एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा, अलीगढ़ के खैर से विधायक सुरेंद्र दिलेर और फतेहपुर की खागा सीट से विधायक कृष्णा पासवान भी मंत्री पद की शपथ लेंगे।

इसके अलावा मेरठ दक्षिण से विधायक डॉ. सोमेंद्र तोमर और सिकंदरा (कानपुर देहात) से विधायक अजीत पाल को राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार के रूप में प्रोन्नत किया गया है।

पार्टी सूत्रों के अनुसार यह विस्तार आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए जातीय और क्षेत्रीय संतुलन साधने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।

भाजपा का कहना है कि नए चेहरों को शामिल कर सरकार को और मजबूत किया जा रहा है, जबकि राजनीतिक जानकार इसे संगठनात्मक मजबूती और सामाजिक समीकरण साधने की कवायद मान रहे हैं।

इस विस्तार के बाद योगी सरकार 2.0 के मंत्रिमंडल में नई ऊर्जा और संतुलन देखने को मिलेगा।