

स्थान : लोहाघाट (चंपावत)
ब्यूरो रिपोर्ट


चंपावत जिला में नाबालिग से जुड़े कथित दुष्कर्म प्रकरण को लेकर राजनीतिक तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। मामले को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।


बीते दिन भाजपा द्वारा कांग्रेस पर इस प्रकरण को लेकर षड्यंत्र रचने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन किया गया था। इसके जवाब में कांग्रेस ने भी तीखा रुख अपनाते हुए विरोध प्रदर्शन किया।

भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के विधायक खुशाल सिंह अधिकारी के निर्देश पर यूथ कांग्रेस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोहाघाट के वीर कालू सिंह चौराहे पर भाजपा का पुतला दहन किया।


कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा ने पहले कांग्रेस का पुतला जलाकर राजनीतिक माहौल खराब किया, जिसके जवाब में उन्हें यह कदम उठाना पड़ा।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि इस मामले में पहले भाजपा नेताओं सहित तीन लोगों को नामजद किया गया था, लेकिन पुलिस ने दबाव में आकर कुछ आरोपियों को बचाने का प्रयास किया।


उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष कमल रावत और उनकी महिला मित्र अर्जिता राय को गिरफ्तार किया गया है, जबकि कांग्रेस प्रदेश सचिव आनंद महरा को गलत तरीके से फंसाया गया है।


कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार के दबाव में पुलिस निष्पक्ष जांच नहीं कर रही है और मामले को राजनीतिक रंग दिया जा रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि वे केवल पीड़ित को न्याय दिलाने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, लेकिन उन्हें ही निशाना बनाया जा रहा है।

उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि अपराध करने वालों को बचाने की कोशिश की जा रही है और दोष कांग्रेस पर मढ़ा जा रहा है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनके नेताओं पर दर्ज कथित झूठे मुकदमे वापस नहीं लिए गए तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
फिलहाल चंपावत में यह मामला राजनीतिक संघर्ष का रूप ले चुका है और दोनों दलों के बीच टकराव लगातार बढ़ता जा रहा है।

